
Hathras : कोतवाली क्षेत्र के नगला तजना गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया।
बताया गया कि गांव निवासी मुन्नालाल उम्र 50 वर्ष सुबह-सुबह अपने घर से पैदल शौच के लिए जा रहे थे।
तभी अचानक एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मुन्नालाल सड़क किनारे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना देखकर आसपास के लोग दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले गई।
लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मुन्नालाल को मृत घोषित कर दिया।
यह खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गांववालों ने बताया कि सड़क पर आए दिन तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
वहीं हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक मुन्नालाल अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं।
परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग भी की है।










