
Hathras : मिशन शक्ति अभियान फेस-5.0 के तहत महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। जनपद के सभी थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में उपस्थित महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन) और 102 (स्वास्थ्य सेवा)—की जानकारी दी गई।
महिला बीट अधिकारियों ने ग्राम चौपालों के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं का निस्तारण करते हुए उन्हें कानूनी अधिकारों व शासन की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया। इसी दौरान एन्टी रोमियो टीमों ने मंदिरों, बाजारों व प्रमुख मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया तथा बेवजह घूमने वाले मनचलों को कड़ी चेतावनी दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं व महिलाओं को मिशन शक्ति केंद्र की जानकारी दी गई और बताया गया कि थानों में महिला कर्मियों द्वारा महिलाओं की शिकायतें सुनी जाती हैं। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से कहा कि किसी भी आपात स्थिति में निर्भीक होकर हेल्पलाइन नंबरों या एंटी रोमियो टीम से संपर्क करें।
पुलिस ने सभी महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए आत्मविश्वासी, सशक्त और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।










