
Varanasi/Hathras : भाजपा सरकार द्वारा वाराणसी के ऐतिहासिक करिका घाट स्थित मढ़ी को ध्वस्त किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय के नेतृत्व में किया गया।
धरने के उपरांत ओ.सी. कलेक्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें इस लापरवाहीपूर्ण कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, मढ़ी का शीघ्र पुनर्निर्माण, माता अहिल्याबाई होल्कर जी की प्रतिमा की पुनः स्थापना तथा घाटों के सौंदर्यीकरण की मांग की गई।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस पदाधिकारी मोहनगंज स्थित पार्टी कार्यालय से तिरंगा झंडा लेकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने की तथा संचालन जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष पंडित ब्रह्मदेव शर्मा एवं किसान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव अजीत गोस्वामी ने कहा कि यह स्थल माता अहिल्याबाई होल्कर जी की आस्था से जुड़ा हुआ है और यहां स्थापित उनकी ऐतिहासिक प्रतिमा का ध्वस्तीकरण निंदनीय है।
एस.आई.आर. मॉनिटरिंग कमेटी के जिला सदस्य अवधेश बक्शी एवं जिला कोषाध्यक्ष संजीव आंधीवाल ने बताया कि यह मढ़ी वर्ष 1791 में माता अहिल्याबाई होल्कर जी द्वारा निर्मित कराई गई थी, जिसका धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। भाजपा सरकार की यह कार्रवाई कांग्रेस पार्टी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन में ठाकुर कपिल सिंह, रामकुमार सारस्वत, विनोद कुमार, जे.पी. पांडे, चित्रमल शर्मा, भगवान दास, रफीक अहमद, शाहिद कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













