
हाथरस। शासन की मंशा के अनुरूप विकास खंड हाथरस की ग्राम पंचायत राजपुर में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल (गांव की समस्या, गांव में समाधान) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रियंका तिवारी द्वारा जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी का बुके भेंट कर स्वागत किया गया।
ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंहा के साथ अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण किया, जहां कुछ राशन सामग्री रखी पाई गई। जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिन लाभार्थियों का केवाईसी पूर्ण नहीं है, उनका राशन रोका गया है।
इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित लाभार्थियों का शीघ्र केवाईसी अपडेट कराते हुए तत्काल राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, महिला कल्याण, कृषि, पूर्ति एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और सभी विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं की स्पष्ट जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, किशोरियों से संबंधित योजनाओं तथा नवजात शिशुओं के टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल से “प्रशासन आपके द्वार” की अवधारणा साकार होती है, जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही संभव हो पाता है। पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए जागरूकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। चौपाल के दौरान छात्र-छात्राओं को ज्योमेट्री बॉक्स का वितरण भी किया गया।
यह भी पढ़े : जालौन : संदिग्ध परिस्तिथियों में सिंचाई विभाग के कर्मचारी की मौत, पुलिस जांच में जुटी











