
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में लाडो लक्ष्मी मोबाइल एप का उद्घाटन किया। इसके पहले उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।
हरियाणा सरकार ने इस योजना के लिए 5,000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। योजना में भाग लेने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है। बिना आधार कार्ड के महिलाएं लाडो लक्ष्मी एप का लाभ नहीं उठा सकेंगी।
एप में रजिस्ट्रेशन छह चरणों में होगा
पहला चरण: आवेदिका का व्यक्तिगत विवरण भरना होगा, जैसे कि वैवाहिक स्थिति, निवास का समय, निवास प्रमाण पत्र और आधार नंबर।
दूसरा चरण: आवास का विवरण देना होगा, जिसमें पता करना होगा कि आवेदिका का खुद का घर है या किराए पर है। इसके साथ बिजली कनेक्शन और मीटर का विवरण भी भरना होगा।
तीसरा चरण: परिवार के सदस्यों की संख्या और उनके आधार नंबर की जानकारी देनी होगी। इसमें माता-पिता, सास-ससुर सहित हरियाणा कौशल रोजगार निगम से संबंधित जानकारी भी शामिल होगी।
चौथा चरण: परिवार की आय और ससुराल पक्ष की आय का विवरण देना होगा। इसके साथ परिवार के सदस्यों के वाहनों का ब्यौरा, रजिस्ट्रेशन नंबर और किसके पास कौन सा वाहन है, इसकी जानकारी भी भरनी होगी।
पांचवां चरण: स्वयं के बैंक खाते की पूरी जानकारी और पैन नंबर भरना होगा।
छठा चरण: अब तक भरी गई सभी जानकारियों का डिस्प्ले होगा। आवेदिका को स्वघोषणा करनी होगी कि सभी जानकारी सत्य और पूर्ण है। यदि कोई जानकारी झूठी या भ्रामक पाई गई, तो योजना का लाभ पाने के लिए अयोग्य घोषित किया जाएगा और कार्रवाई होगी। इसके बाद ही आईडी बन जाएगी, जिसमें आवेदिका का नाम, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, रोजगार, आय और आवेदन की स्थिति दिखाई जाएगी।










