
Haridwar Stampede : उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मचने से एक दुखद हादसा हुआ है। इस घटना में कुल छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाने का काम शुरू किया गया है।
यह हादसा हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर के पास रविवार को उस वक्त हुआ जब अचानक एक हाई वोल्टेज बिजली का तार गिर गया। इससे वहां मौजूद श्रद्धालु भयभीत हो गए और भगदड़ मच गई। भीड़ अधिक होने के कारण स्थिति नियंत्रित नहीं रह सकी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का कारण मंदिर मार्ग पर गिरा हाई वोल्टेज तार ही था। भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मौजूद थे, तभी यह घटना हुई। जैसे ही तार गिरा, वहां भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने मीडिया को बताया कि इस भीड़भाड़ वाली स्थिति के कारण भगदड़ हुई, जिसमें छह श्रद्धालुओं की जान चली गई है। वे अभी घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं और पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे में 35 श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल लाया गया है, जिनमें से छह की मृत्यु हो चुकी है। बाकी घायलों का उपचार जारी है, और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को उच्चस्तरीय अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर सक्रिय हैं और राहत कार्यों में लगे हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सकुशलता की प्रार्थना की है और स्थिति पर नजर बनाए रखने का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़े : हरिद्वार : मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़, 6 लोगों की मौत, 25 से 30 श्रद्धालु घायल