हमीरपुर : अन्य वर्षों की तुलना में इस वर्ष अधिक भव्य होगा सुमेरपुर का ऐतिहासिक तीजा मेला

हमीरपुर : इस वर्ष सुमेरपुर का ऐतिहासिक तीजा मेला अन्य वर्षों की तुलना में कुछ अलग नजर आएगा। शोभायात्रा से लेकर पशु बाजार, मेला मैदान और रामलीला मैदान के कार्यक्रमों में इस बार बड़े बदलाव करके भव्यता देने की कोशिश की जा रही है।

कस्बे के ऐतिहासिक तीजा मेले में महज चार दिन बचे हैं। श्रीकृष्ण तीजा मेला कमेटी के अध्यक्ष जयप्रकाश दीक्षित ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा में राम सेना की कई झांकियां शामिल की जा रही हैं। इसके लिए 50 रामभक्तों का चयन किया गया है। इसी तरह पशु बाजार मेला मैदान में भी इस वर्ष बड़ा बदलाव किया गया है। इस बार मेले का ठेका देने के बजाय पशु बाजार मालिकानों ने खुद ही जिम्मेदारी संभाली है।

पशु बाजार मालिक सौमित्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष मेले को भव्यता प्रदान की गई है। मेले में इस बार कई तरह के झूले बढ़ाए गए हैं। साथ ही सर्कस की संख्या में भी इजाफा किया गया है। इसी तरह दंगल में इस वर्ष राष्ट्रीय केसरी, उत्तर प्रदेश केसरी, बुंदेलखंड केसरी और हरियाणा केसरी को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। इनके अलावा जिले के 10 मशहूर पहलवानों के साथ महिला पहलवानों की कुश्ती भी कराई जाएगी।

रामलीला मैदान के कार्यक्रमों में भी इस वर्ष बड़ा बदलाव किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 26 अगस्त को खन्ना म्यूजिकल ग्रुप के कलाकार प्रस्तुति देंगे। इसी तरह 27 अगस्त को बुंदेलखंड के मशहूर बुंदेली गीत गायक बाबूलाल मस्ताना ग्रुप के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

इस वर्ष नागनाथ लीला में हरचंदन तालाब की छटा निराली होगी। नगर पंचायत ने एक करोड़ से ज्यादा की धनराशि व्यय करके इस ऐतिहासिक तालाब का जीर्णोद्धार कराया है। तालाब के चारों तरफ लोहे की रेलिंग लगाई गई है और आरसीसी मार्ग तैयार किया गया है। साथ ही तालाब को तिरंगे का लुक देकर आकर्षक बनाया गया है। लाइटिंग की भी चारों तरफ बेहतरीन व्यवस्था की गई है।

ये भी पढ़ें: कन्नौज: पति से विवाद के बाद पत्नी ने फांसी लगाई, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

झांसी: मोंठ में बुजुर्ग महिला पर गाय ने किया हमला, हालत नाज़ुक

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें