
हमीरपुर। जिले के मौदहा ब्लॉक में हर वर्ष आयोजित होने वाले कंस मेले का 6 सितंबर से आयोजन होगा। उन्नीसवीं सदी से चली आ रही परंपरा के तहत कंस मेले में इस वर्ष भी कुछ नया और अलग होगा। गल्ला व्यापार एवं आढ़ती संघ का यह मेला अनंत चतुर्दशी से शुरू होकर तीन दिन तक चलता है।
मेले के पहले दिन शाम को चारामंडी में कंस दरबार सजेगा। नगर में विभिन्न तरह की झांकियों का भ्रमण होगा। 7 सितंबर को एक विशाल शोभायात्रा निकलेगी। इसमें मामा कंस का विमान और श्रीकृष्ण सहित देवी-देवताओं की झांकियां होंगी। शोभायात्रा विभिन्न जगहों से होते हुए मीरा तालाब तक जाएगी। वहां कंस, पूतना और बकासुर वध लीला का मंचन किया जाएगा।
दंगल में पूरे भारत के प्रसिद्ध पहलवान लेंगे हिस्सा :
समापन दिवस पर नेशनल इंटर कॉलेज मैदान में कुश्ती दंगल होगा। इसमें देशभर के प्रसिद्ध पहलवान हिस्सा लेंगे। दिन में आल्हा गायन और रात में नौटंकी के कार्यक्रम भी होंगे। मेले में हजारों लोग एकत्रित होते हैं जो न केवल जिले से बल्कि आसपास के जनपदों से भी आते हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तैयार की है। मेले के दौरान हर जगह पुलिस बल तैनात रहेगा। इससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकेगा।