
नई दिल्ली : दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में एक परिवार के साथ कुछ दबंगों ने मारपीट की है। इस घटना का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। यह घटना 2 जनवरी की बताई जा रही है। सामने आई सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग एक परिवार के साथ मारपीट करते हुए और पीड़ित को निर्वस्त्र कर सड़क पर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पीड़ित राजेश गर्ग ने बताया कि उन्होंने अपने घर के बेसमेंट में एक जिम खोला हुआ है, जिसका केयरटेकर सतीश यादव है। उन्होंने आरोप लगाया कि सतीश यादव ने जिम पर कब्जा कर लिया।
पत्नी से छेड़छाड़, बेटे को निर्वस्त्र कर पीटा
उन्होंने बताया कि 2 जनवरी को वह अपनी पत्नी के साथ बेसमेंट में पानी के रिसाव की जांच करने गए थे। उसी दौरान सतीश यादव अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा।
राजेश गर्ग के मुताबिक, आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह पीटा और उनकी पत्नी के साथ छेड़खानी की। इसके बाद जब उनका बेटा उन्हें बचाने आया, तो आरोपियों ने उसे सड़क पर निर्वस्त्र कर उसकी भी पिटाई की।
मुख्य आरोपी सतीश यादव गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही मुख्य आरोपी सतीश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी विकास यादव, शुभम यादव और ओंकार यादव की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और आसपास के लोग भी मारपीट की इस घटना से दहशत में आ गए हैं। साथ ही इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।














