
गुरसहायगंज , कन्नौज : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कस्बे में शुक्रवार को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों लोग हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारे लगा रहे थे।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मोहल्ला रामगंज से एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। कन्नौज के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जीतू तिवारी, नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र कौशल आदि के नेतृत्व में कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों लोग एकत्र हुए और हाथों में तिरंगा लेकर विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। साथ में चल रहे डीजे पर देशभक्ति के गीत बज रहे थे। देश की आज़ादी को लेकर निकाली गई तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के नारे लगाए जा रहे थे।
यात्रा में कई झांकियां शामिल थीं। सबसे आकर्षण का केंद्र बुलडोजर की झांकी रही, जिस पर सवार लोग तिरंगा लहरा रहे थे। यात्रा का कई जगहों पर लोगों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। कस्बे के मुख्य मार्ग और तिर्वा रोड से होती हुई यात्रा कमला शरण मैदान में पहुंची, जहां राष्ट्रगान के साथ इसका समापन हुआ।
यात्रा को लेकर नगर में कई स्वागत द्वार बनाए गए और पूरे नगर को तिरंगे से सजाया गया। इस दौरान ड्रोन से यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर नज़र रखी जा रही थी। सुरक्षा के लिए कोतवाल आलोक कुमार दुबे, कस्बा चौकी प्रभारी दीपक चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद थे।
ये भी पढ़ें: प्रयागराज : विवाहिता की आत्महत्या, सुसाइड नोट में पति और प्रेमी पर गंभीर आरोप
झाँसी : मोंठ कोतवाल अखिलेश कुमार द्विवेदी को मिला सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह












