
फतेहपुर : मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित साइकिलिंग अभियान पैडल फॉर प्राइड रविवार को शहर पहुँचा। प्रयागराज से प्रदेश के खेल राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर इस दल को दिल्ली के लिए रवाना किया था। फतेहपुर आगमन पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में दल का जोरदार स्वागत हुआ।
दल में शामिल सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर विक्रम सिंह, योगेंद्र सिंह, मदन लाल समेत अन्य का स्वागत लक्ष्मण अवार्डी एवं जिला ओलंपिक संघ के सचिव रविकांत मिश्रा, क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार भारती, जिला हैंडबॉल संघ के सचिव शुभम गुप्ता, हॉकी संघ के वीरेंद्र प्रताप सिंह और एनसीसी कैडेट्स ने पुष्पवर्षा कर किया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों व भाइयों ने भी दल का अभिनंदन किया।
स्वागत के बाद साइकिलिंग टीम पुलिस सुरक्षा में स्थानीय खिलाड़ियों संग ज्वालागंज बस स्टॉप, वर्मा चौराहा, पटेल चौराहा पहुँची। यहाँ सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। पत्थरकट्टा, विद्यार्थी चौराहा, बुलेट चौराहा और नंदी चौराहा होते हुए यात्रा का समापन भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
इस दौरान दल के जगबीर, जयप्रकाश और भगीरथ का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में नीरू बहन, कोच आरिफ, दिनेश, जितेंद्र, पुष्पेंद्र यादव, अरुण शर्मा, मनीष कुमार, मोहित यादव, आदित्यंस सिंह सहित दर्जनों खिलाड़ी और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे। सोमवार प्रातः 6:45 बजे दल को आगे कानपुर के लिए रवाना किया जाएगा।
यह यात्रा मेजर ध्यानचंद की प्रेरणा से राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित की जा रही है। लगभग 800 किमी की दूरी तय करने वाली यह साइकिल रैली भारत सरकार के मिशन खेलेगा भारत – जीतेगा भारत को प्रोत्साहित करते हुए युवाओं को फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूक करने का संदेश दे रही है।
ये भी पढ़ें: झांसी : किराए पर दर्जनों गाड़ियां लेकर गैंग लाखों का नुकसान, पीड़ित वाहन मालिकों ने पुलिस से लगाई गुहार