
Gorakhpur : गोरखपुर जिले के पिपराइच में भट्टा चौराहा के पास सोमवार की देर रात बदमाशों ने 30 वर्षीय दुर्गेश गुप्ता को मुंह और पैर में गोली मार दी। गंभीर हालत में स्वजनों ने उसे अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्गेश की मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क गए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया, साथ ही पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। घटना में थानेदार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है।
घटना रात एक बजे की है। भट्ठा टोला के रहने वाले दुर्गेश गुप्ता ने गांव में घूम रहे संदिग्ध युवकों को देखकर टोका, तो वे भिड़ गए। विरोध करने पर उन्होंने दुर्गेश को पकड़ लिया। शोर मचाने पर पहले पैर फिर मुंह में पिस्टल सटाकर गोली मार दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार और गांव के लोग जुटे, तो बदमाश फरार हो गए। परिवार का आरोप है कि यह घटना सोची-समझी साजिश है, जिसे बदमाशों ने पुलिस की नाकामी से अंजाम दिया।
हंगामा कर रहे लोगों को पिपराइच पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो झड़प हो गई, जिसमें पिपराइच थानेदार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है और एसपी नॉर्थ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी कैंप कर रहे हैं। तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। परिवार और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
यह भी पढ़े : कासगंज : पुलिस ने महिला से दुष्कर्म का प्रयास व लूट के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ किया गिरफ्तार