
- नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए सरकार चला रही अनेक कार्यक्रम
- मातृ शक्ति व नारी शक्ति के प्रति आस्था का पर्व है नवरात्र : सीएम योगी
Gorakhpur : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समस्त प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र की पावन महानवमी और गुरुवार को मनाए जाने वाले विजयदशमी पर्व की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि जीवन के किसी भी पक्ष में नारी शक्ति के बिना सृष्टि की कल्पना असंभव है। नारी शक्ति के प्रति सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए सरकार अनेक कार्यक्रम चला रही है।
सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध न्यूनतम हैं, और अपराधों में सजा दिलाने के मामले में प्रदेश देश में नंबर वन है।
गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शारदीय और वासंतिक नवरात्र में जगतजननी मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के पूजन से श्रद्धा और उल्लास जुड़ता है। यह पर्व मातृ शक्ति और नारी शक्ति के प्रति आस्था और सम्मान का प्रतीक है।
सरकार नारी शक्ति के लिए समर्पित
मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके तहत 22 सितंबर से मिशन शक्ति अभियान का पांचवां चरण शुरू किया गया है। प्रदेश के सभी जिलों में महिलाओं के लिए सुरक्षा और स्वावलंबन कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में एक करोड़ महिलाओं को 12,000 रुपये वार्षिक पेंशन मिल रही है। 26 लाख बेटियों को जन्म से स्नातक तक की पढ़ाई के लिए कन्या सुमंगला योजना में 25,000 रुपये का पैकेज दिया जा रहा है। सामूहिक विवाह योजना में सहायता राशि बढ़ाकर प्रति जोड़ा एक लाख रुपये कर दी गई है।
बेटी सुरक्षित, समाज सुरक्षित
सीएम योगी ने कहा कि जहां बेटियां सुरक्षित और सम्मानित हैं, वहां समाज भी सुरक्षित और समृद्ध होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बेटियों के लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला, मातृ वंदना और सामूहिक विवाह जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
विजयदशमी, धर्म और न्याय का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने बताया कि विजयदशमी अधर्म, अन्याय और अत्याचार पर धर्म, न्याय और सदाचार की विजय का पर्व है। इस दिन रावण के पुतले जलाए जाएंगे और भगवान राम के राजतिलक के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
ये भी पढ़ें: सोनम कपूर फिर बनेंगी मां: घर में आएगा नया मेहमान!