Gorakhpur : फेसबुक पर भाजपा विधायक के भाई ने सीएम योगी पर की अपमानजनक टिप्पणी, तीन थानों में FIR दर्ज

Gorakhpur : गोरखपुर में सैंथवार नेता व पूर्व विधायक स्व. केदार सिंह के नाम पर हो रही राजनीति ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया। पिपराइच से भाजपा विधायक महेंद्र पाल सिंह के छोटे भाई भोलेंद्र पाल सिंह की फेसबुक आईडी से मुख्यमंत्री, उनके ओएसडी और ग्रामीण से भाजपा विधायक विपिन सिंह पर अपमानजनक टिप्पणी की गई।

जाति विशेष को लेकर की गई पोस्ट जैसे ही इंटरनेट मीडिया पर फैली, राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। पोस्ट को तुरंत हटा दिया गया, लेकिन तब तक कई लोगों ने उसका स्क्रीनशॉट ले लिया। पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों पर भोलेंद्र पाल सिंह के खिलाफ तीन थानों में मुकदमा दर्ज किया है। भाजपा विधायक ने इस घटना से अपना कोई संबंध न होने का दावा करते हुए कहा कि कानून सबके लिए समान है। भोलेंद्र सिंह ईंट भट्ठा व्यवसायी हैं और गुलरिहा के जमुनारा, महराजगंज में रहते हैं।

शहर के पाश इलाके गोलघर में स्थित स्व. केदार सिंह के आवास को पुलिस बल की मदद से हाल ही में खाली कराया गया, यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई थी। अखिल भारतीय सैंथवार-मल्ल महासभा के लोग इस जमीन पर केदार सिंह का स्मारक बनाने की मांग कर रहे थे। निजी संपत्ति होने के कारण इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे सभी दलों के सैंथवार नेताओं ने सड़क पर उतरकर पुलिस-प्रशासन का विरोध किया था, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। शाम को सभी को रिहा कर दिया गया।

इसी बीच, भोलेंद्र पाल सिंह के फेसबुक पोस्ट ने इस मामले को और तूल दे दिया। पुलिस मीडिया सेल में तैनात आरक्षी रामबोध ने 29 अगस्त की रात साइबर थाने में तहरीर दी, जिसमें कहा गया कि फेसबुक पर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक पोस्ट देखने को मिली, जो भोलेंद्र पाल सिंह की आईडी से प्रसारित हुई थी। इस आधार पर, आपराधिक मनसा से बयान देने और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।

पिपराइच थाना क्षेत्र के बेलवा चौराहा निवासी गंगेश तिवारी ने पिपराइच थाने में मुकदमा दर्ज कराया, जिसमें उन्होंने लिखा कि इस पोस्ट से जनाक्रोश बढ़ा है और जातीय समुदायों में तनाव फैलने का खतरा है। साथ ही, रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के भरवलिया बुजुर्ग निवासी सामाजिक कार्यकर्ता संजीव त्रिपाठी ने भी शिकायत की, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। भाजपा विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि ऐसी किसी टिप्पणी से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भोलेंद्र सिंह और उनका परिवार 20 वर्षों से अलग रह रहे हैं।

यह भी पढ़े : आज SCO समिट में एक मंच पर दिखेंगे मोदी, पुतिन और जिनपिंग; टेंशन में डोनाल्ड ट्रंप

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें