
गूगल ने हाल ही में प्ले स्टोर से बेकार और असुरक्षित ऐप्स को हटाकर यूजर्स को एक सुरक्षित, साफ, और भरोसेमंद ऐप एक्सपीरियंस देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। अगर आपने हाल में प्ले स्टोर पर ऐप्स की संख्या पर ध्यान दिया हो, तो आपने देखा होगा कि अब वहां पहले से कम ऐप्स हैं, और इसका कारण गूगल की एक बड़ी सफाई मुहिम है।
असल में, 2024 की शुरुआत में प्ले स्टोर पर लगभग 34 लाख ऐप्स थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर मात्र 18 लाख रह गई है। यानी आधे से भी ज्यादा ऐप्स हटा दिए गए हैं। पहली बार में यह आपको अजीब लग सकता है, लेकिन यह यूजर्स के लिए एक अच्छी खबर है।
आइए जानते हैं क्यों:
- गूगल अब बेकार ऐप्स को नहीं बख्श रहा
पहले प्ले स्टोर पर कई ऐप्स होते थे जो सिर्फ बेकार थे, जैसे एक ही वॉलपेपर का ऐप, केवल टेक्स्ट दिखाने वाला ऐप, या फिर वो ऐप्स जो काम ही नहीं करते थे। जुलाई 2024 में गूगल ने कहा कि अब ऐसे ऐप्स पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। इसके बाद से ऐसे ऐप्स हटाए जा रहे हैं जो फालतू या नकली होते थे। इससे अब आपको बेकार ऐप्स से छुटकारा मिलेगा। - यूजर की सुरक्षा सबसे पहले
गूगल ने केवल बेकार ऐप्स को ही नहीं हटाया, बल्कि उन ऐप्स पर भी नजर रखी जो यूजर का डेटा चोरी कर सकते थे या डिवाइस को नुकसान पहुंचा सकते थे। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 2.36 मिलियन (23 लाख से अधिक) खतरनाक ऐप्स को लॉन्च होने से पहले ही ब्लॉक कर दिया गया। वहीं, 1.58 लाख से ज्यादा धोखेबाज डेवलपर्स को बैन कर दिया गया है। गूगल ने अब इंसान और AI दोनों से ऐप्स की जांच करवाना शुरू किया है, जिससे अब आप जो भी ऐप डाउनलोड करेंगे, वह ज्यादा सुरक्षित होगा। - नए नियमों से कई डेवलपर्स खुद हट गए
2024 में यूरोप में एक नया नियम लागू हुआ, जिसके तहत हर ऐप डेवलपर को अपनी असली पहचान (नाम और पता) बताना जरूरी था। जो डेवलपर्स यह नहीं करना चाहते थे, उन्होंने खुद ही अपने ऐप्स हटा दिए। ऐप्पल पर भी यह नियम लागू हुआ, लेकिन वहां पहले से ही सख्त निगरानी थी, इसलिए ऐप्स की संख्या पर कोई असर नहीं पड़ा।
गूगल ने साफ कर दिया है कि अब प्ले स्टोर पर केवल वही ऐप्स रहेंगे जो वाकई काम के हों, सुरक्षित हों और पारदर्शी हों। तो हां, भले ही ऐप्स की संख्या आधी हो गई हो, लेकिन जो बचे हैं, वो भरोसेमंद और सुरक्षित हैं। अब आपको बेकार ऐप्स से परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी, और प्ले स्टोर की दुनिया और भी साफ और सुरक्षित हो गई है।