
दतिया (मध्य प्रदेश): भारतीय रेलवे ने देश की पहली सेमी हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। नई दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से खजुराहो के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अब मध्यप्रदेश के धार्मिक नगर दतिया में भी रुकेगी। इससे खासकर पीतांबरा शक्तिपीठ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने जा रही है।
13 मई से लागू होगा दतिया हॉल्ट
रेलवे बोर्ड ने यह निर्णय 13 मई से लागू करने की घोषणा की है। झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने जानकारी दी कि यात्रियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को देखते हुए यह हॉल्ट मंजूर किया गया है।
नई टाइमिंग: दतिया, ग्वालियर और झांसी के समय में बदलाव
रेलवे ने ट्रेन नंबर 22469/22470 (खजुराहो-निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस) की नई समय सारणी भी जारी की है:
- 22469 (खजुराहो से निजामुद्दीन)
- दतिया आगमन: शाम 6:42 बजे
- दतिया प्रस्थान: शाम 6:44 बजे
- ग्वालियर आगमन: शाम 7:28 बजे
- ग्वालियर प्रस्थान: शाम 7:33 बजे
- 22470 (निजामुद्दीन से खजुराहो)
- दतिया आगमन: सुबह 9:59 बजे
- दतिया प्रस्थान: सुबह 10:01 बजे
- झांसी आगमन: सुबह 10:30 बजे
- झांसी प्रस्थान: सुबह 10:35 बजे
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
दतिया में स्थित पीतांबरा माई शक्तिपीठ देश के प्रमुख तांत्रिक सिद्धपीठों में से एक है। हर रोज हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं, खासकर शनिवार को यह संख्या लाखों में होती है। इस ठहराव से चंबल अंचल के धार्मिक और पर्यटन विकास को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
वंदे भारत का दतिया ठहराव: श्रद्धालुओं और यात्रियों दोनों के लिए वरदान
रेलवे का यह कदम ना सिर्फ धार्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि क्षेत्रीय संपर्क, पर्यटन और स्थानीय विकास के लिहाज से भी एक सकारात्मक बदलाव माना जा रहा है।