
Gonda : जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के कुशल निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों पर जिलाधिकारी द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी सदर, गोंडा को निर्देशित किया गया था कि सभी शिकायतों का निस्तारण दो दिवस के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
रविवार को संबंधित विभागों ने तत्परता दिखाते हुए शिकायतों का समाधान कर दिया।
ग्राम रुद्रगढ़नौसी में चकमार्ग से संबंधित विवाद को सुलझाते हुए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने चकमार्ग का चिन्हांकन कराया, जिससे ग्रामीणों को मार्ग उपयोग में आ रही समस्या का निवारण हो गया।
ग्राम पंचायत लैबुड़वा में ग्राम समाज की भूमि पर प्रस्तावित आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण हेतु चयनित भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने गंभीरता से लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर भेजी गई और अतिक्रमण को हटाकर भूमि को प्रशासनिक अभिलेखों के अनुरूप मुक्त कराया। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण हेतु नींव की खुदाई की गई, जिससे अब निर्माण शीघ्र प्रारंभ हो सकेगा।
ग्राम बिशुनपुर बेलहरिया में क्यूआरटी टीम की सहायता से संयुक्त टीम द्वारा चकमार्ग का सीमांकन कराया गया। इस कार्यवाही से ग्रामवासियों के बीच लंबे समय से चल रहे मार्ग विवाद का समाधान हो गया। वहीं, ग्राम धनौली में किसान यूनियन द्वारा उठाए गए भूमि से संबंधित मुद्दे पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार भूमि का पुनः पैमाइश कराई गई, जिससे वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो गई और किसानों की शिकायत का समाधान हो गया।














