
Jakhanian, Ghazipur : भुडकुडा कोतवाली के झोटना गांव में सोमवार की रात एक रिटायर फौजी ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर की एक नाली बंदूक से सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर से पुलिस ने उनकी एक नाली बंदूक और एक कारतूस का खोखा कब्जे में लिया। पुलिस ने पूर्व फौजी की पत्नी शशिकला सिंह की तहरीर के आधार पर शव को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, देवानंद सिंह घर पर अकेले रहते थे। उनकी पत्नी आजमगढ़ के मायके में रहती थी और कभी-कभी ही घर आती थीं। उनका एक ही बेटा, ज्ञानी सिंह, अपनी पत्नी के साथ मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है।
सोमवार की शाम देवानंद सिंह अपने घर में दरवाजा बंद कर सो गए थे। मंगलवार को देर सुबह तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने उनका दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर पड़ोसियों ने भुडकुडा कोतवाली को सूचना दी।
सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी डी.पी. सिंह ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर दरवाजा खोला। बेड पर मृतक के पास उनकी एक नाली बंदूक और एक कारतूस का खोखा पड़ा मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और इस घटना की सूचना मृतक की पत्नी शशिकला को दी। शशिकला रोते-बिलखते घर पहुंची। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ भी जुट गई। सूचना मिलते ही पुत्र ज्ञानी अपने परिवार के साथ मुंबई से घर के लिए रवाना हो गया।
कोतवाली प्रभारी डी.पी. सिंह ने बताया कि पूर्व फौजी ने अपने ही लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या की है। आत्महत्या के कारणों की जांच पुलिस कर रही है।
ये भी पढ़ें: केएल राहुल गोवा गार्डियंस के सह-मालिक बने, चौथे पीवीएल सत्र से पहले लीग में पदार्पण
Bareilly : आजम खान की रिहाई से मुस्लिम समाज में खुशी, अखिलेश एहसान फरामाेश – रजवी बरेलवी