
जखनियां, गाजीपुर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनियां के निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक बेदी राम और अधीक्षक डॉक्टर योगेंद्र यादव के बीच हुई बहस को उच्च अधिकारियों ने संज्ञान में लिया। इसके बाद सीएमओ ने अधीक्षक डॉ. योगेंद्र यादव को सीएमओ कार्यालय से अटैच कर दिया और जखनियां सीएचसी पर डॉ. अवधेश पासवान की नियुक्ति कर दी गई। यह जानकारी होते ही अस्पताल कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया।
सोमवार को डॉ. प्रिय रंजन प्रसाद सर्जन ओपीडी कक्ष में मात्र दो घंटे बैठे। इसके बाद बेसिक हेल्थ वर्कर संगठन के अध्यक्ष मानवेंद्र पांडेय रानू और मंत्री लल्लन राम के नेतृत्व में डॉक्टरों व कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मानवेंद्र पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री के सुशासन की मंशा को स्थानीय विधायक कुचलते हुए कुशासन का कार्य किया गया है। विधायक द्वारा डॉक्टर के साथ किया गया दुर्व्यवहार निंदनीय है। विधायक को यह पता होना चाहिए कि जखनियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र 27 बेड का अस्पताल है, जहां केवल प्रसूताओं के लिए भोजन की व्यवस्था की जाती है, लेकिन विधायक अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को भोजन देने की बात कर रहे थे। विधायक बेदी राम ने डॉक्टर पर बाहर से दवा लिखने का जो आरोप लगाया है, उसकी जांच विभाग के उच्च अधिकारी कराएं।
मातृ शिशु महिला कल्याण की जिलाध्यक्ष स्नेहलता ने कहा कि विधायक को यह बात नागवार लगी कि डॉक्टर ने कहा था बहुत विधायक आए और गए। डॉक्टर के कहने का आशय दूसरा था। एक डॉक्टर तो विधायक बन सकता है लेकिन विधायक कभी डॉक्टर नहीं बन सकता। डॉक्टर के स्थानांतरण से क्षेत्रीय जनता में भी आक्रोश व्याप्त है।
विरोध प्रदर्शन में रिंदु पांडेय, सरोज यादव, विनोद कुमार, इंद्रदेव, जगदीश, कमलेश कुमार सहित सभी कर्मचारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि 22 अगस्त को सुभासपा विधायक बेदी राम ने जनता की शिकायतों के आधार पर जखनियां सीएचसी का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण में मरीजों को मिलने वाला भोजन, दवाओं की आपूर्ति और अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर विधायक ने नाराज़गी जताई थी। इसी दौरान विधायक और प्रभारी डॉ. योगेंद्र यादव के बीच तीखी नोकझोंक हो गई थी। विधायक के सवालों से भड़के डॉ. यादव ने इस्तीफा देने की धमकी दे डाली थी और यहां तक कह दिया था कि आप जैसे विधायक बहुत देखे हैं।
ये भी पढ़ें: सीतपुर : यूरिया नहीं मिलने पर किसानों ने बम्बेरा सोसाइटी पर धरना शुरू किया
हरदोई : बाइक-ट्रैक्टर टक्कर में पिता-पुत्री की मौत, युवक गंभीर रूप से घायल