पहलगाम हमले में मारे गए नागरिकों और ऑपरेशन सिंदूर के वीरों को समर्पित हाेगी देव दीपावली की गंगा आरती

  • प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर दिखेगा श्रद्धा और देशभक्ति का अद्भुत संगम
  • मां गंगा की 108 किलो की अष्टधातु की प्रतिमा का हाेगा विशेष श्रृंगार

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी काशी (वाराणसी) के प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की देव दीपावली महोत्सव 5 नवंबर काे हाेने वाली प्रसिद्ध गंगा आरती इस बार पहलगाम हमले में मारे गए नागरिकों और भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर के वीरों को समर्पित रहेगी। सोमवार दोपहर यह जानकारी समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे ‘बाबू महाराज’ और सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे ने पत्रकारों को दी।

उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में जिस तरह दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देकर देश का मस्तक ऊंचा किया, वह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। इसी शौर्य को नमन करने के लिए हमने इस बार देव दीपावली को वीर सेनानियों को समर्पित किया है। उन्हाेंने बताया कि दशाश्वमेध घाट देवताओं के स्वागत में पलक-पांवड़े (बेसब्री) बिछायेगा। 35 वर्षों से चल रही परम्परा के अनुसार दशाश्वमेध घाट पर नियमित आरती करने वाली समिति के तत्वावधान में वैदिक रीति से गंगा महारानी का पूजन-स्तवन संग 151 लीटर दूध से अभिषेक कर गंगा निर्मलीकरण का आह्वाहन किया जायेगा। गंगा तट पर सिंहासनारूढ़ मां गंगा महारानी की 108 किलो की अष्टधातु की श्रृंगारिक प्रतिमा और उनकी अलौकिक आरती की निराली छवि आकर्षण का केंद्र होगी। मां गंगा का शास्त्रोक्त विधि से पूजन के क्रम में समूचे घाट को 500 किलो देशी और विदेशी फूलों से सजाया जायेगा। बताया गया कि ऋद्धि सिद्धि के रूप में गंगा की महाआरती के दौरान बेटियों का नेतृत्व नारी शक्ति के सम्मान का संकल्प दोहराएगा। इस वर्ष के आयोजन में 21 बटुकों संग 21 डमरुदल गंगा आरती की शोभा बढ़ाएंगे।

इस आयोजन की अध्यक्षता काशी सुमेरू पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती करेंगे। मां गंगा की महाआरती के पश्चात् काशी के युवा गायक गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में सांस्कृतिक संध्या सभी का मन मोहेगी। देव दीपावली महोत्सव का संचालन नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला करेंगे। भव्य आयोजन के दौरान वाराणसी के जनप्रतिनिधि, देश-विदेश से आमंत्रित अतिथिगण एवं कई प्रतिष्ठित बैंकों के सम्मानित अधिकारी परिवारजन सहित उपस्थित रहेंगे।

इसी क्रम में बताया गया कि देव दीपावली के अवसर पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से काशी के पौराणिक केदार घाट पर पं. संदीप कुमार दुबे के संयोजन में मां गंगा की भव्य और विराट आरती का आयोजन किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में गंगेश्वरधर दुबे, शांतिलाल जैन, पवन शुक्ला, संकठा प्रसाद, रामबोध सिंह, संजय यादव सहित समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : Kanpur : लिव-इन का रिश्ता बना जानलेवा, प्रेमी निकला कातिल!

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें