
बहराइच, पयागपुर तहसील। पयागपुर में आयोजित दस दिवसीय गणेश पूजा महोत्सव का समापन बुधवार शाम को भव्य शोभायात्रा और गणेश विसर्जन के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ विसर्जन यात्रा में शामिल होने के लिए एकत्र होने लगी। भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा को फूल-मालाओं से सजाया गया था।
शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों – भूपगंज बाजार, सब्जी मंडी, मासूदपुर मुख्य चौराहा होते हुए विसर्जन स्थल ताल बघेल तक पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर गणपति बप्पा का स्वागत किया। यात्रा में शामिल भक्तों ने डीजे की धुन पर नृत्य किया और लगातार “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारे लगाते रहे।
आयोजन समिति के सदस्यों – मनोज सोनी, राहुल सोनी, जितेंद्र सोनी, मुकेश अग्रवाल, श्यामजी श्यामू माहेश्वरी सूरज शर्मा हरेंद्र प्रताप सिंह समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने पूरे आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। समिति ने बताया कि इस बार गणेश महोत्सव में नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की।
विसर्जन से पहले विशेष पूजा और महाआरती का आयोजन किया गया। पंडित रामजी शास्त्री ने ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश का पूजन कर उन्हें विदाई दी। इसके बाद प्रतिमा को विधि-विधान से विसर्जन स्थल तक ले जाकर जल में विसर्जित किया गया।
इस अवसर पर प्रसाद वितरण भी किया गया जिसमें लड्डू व अन्य मिष्ठान का आनंद श्रद्धालुओं ने लिया। पूरे नगर में भक्ति, उत्साह और आनंद का माहौल रहा। शोभायात्रा के मार्ग पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती रही जिससे व्यवस्था शांतिपूर्ण बनी रही।
यह आयोजन नगर में सामाजिक और धार्मिक सौहार्द का प्रतीक बन गया और सभी ने अगले वर्ष पुनः गणेश उत्सव और भी भव्य तरीके से मनाने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़े : विजयवाड़ा से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से टकराया पक्षी, रद्द हुई उड़ान