
लखनऊ: शुक्रवार को राजधानी में निकल रहे जुलूस के दौरान ऐसा मामला सामने आ गया जब गणेश प्रतिमा विसर्जन के लोग और नक्खास पुल के पास चल रहे जुलूस आमने सामने आ गए। ऐसी स्थिति में सिविल डिफेंस की टीम और पुलिस ने हैदरगंज तिराहे पर नाजुक स्थिति को संभाल लिया।
शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे के बाद मिल एरिया की तरफ से हैदरगंज तिराहे पर गणेश प्रतिमा विर्सजन के लिए लोग अपने-अपने वाहनों के साथ आ गये।
तिराहे पर मौजूद राजाजीपुरम सिविल डिफेंस के डिवीजनल वार्डेन दिनेश मोहन माथुर और स्टाफ अफसर संतोष सिंह ने गणेश प्रतिमा विर्सजन के लोगों से मार्ग बदलकर जाने का अनुरोध किया लेकिन वो लोग बैरिकेटिंग तक आ गये जहां पर मौजूद पुलिस बल के लिए भी असमंजस की स्थिति आ गयी। पुलिस बल ने नक्खास पुल तक पहुंच चुके जुलूस को लेकर बैरिकेटिंग पूरी तरह से बंद रखी। इसी बीच जाम लगने लगा। इस स्थिति को देखकर सिविल डिफेंस के डिवीजनल वार्डेन ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
फोन पर निर्देश मिलते ही डिवीजनल वार्डेन दिनेश मोहन माथुर और स्टाफ अफसर संतोष सिंह पूरी सिविल डिफेंस की टीम को लेकर दौड़ पड़े। मिल एरिया की तरफ से आ रही भीड़ और लग रहे जाम को पूरी मुस्तैदी से खुलवाने में लग गये।एक तरफ गणेश प्रतिमा विर्सजन के लोग आगे खड़े थे और उनके पीछे से हैदरगंज तिराहे पर पूरी सिविल डिफेंस की टीम जाम से छुटकारा दिलाने के लिए जूझ रही थी। दूसरी तरफ पुलिस बल भी पूरी मुस्तैदी से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लोगों को समझाने में लगा था। करीब बीस मिनट तक गणेश प्रतिमा विसर्जन के लोग वहां पर मौजूद रहे और पुलिस बल के समझाने पर वैकल्पिक मार्ग से जाना उचित समझा। सिविल डिफेंस और पुलिस बल की कर्तव्यपरायणता से मामला जल्द ही सुलझ गया।

अमीनाबाद से ऐशबाग तक आ रहे जुलूस में सिविल डिफेंस की टीम पूरी तरह से मुस्तैद रही। रास्ते में सिद्वनाथ मंदिर के सामने नादान महल रोड पर सिविल डिफेंस के चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र और व्यापार मंडल के युवा अध्यक्ष कुश मिश्रा ने जुलूस का स्वागत करके गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की। बारावफात के जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए चप्पे चप्पे पर चीफ़ वार्डेन अमरनाथ मिश्रा के नेतृत्व में अमीनाबाद से ऐशबाग ईदगाह तक पैदल मार्च किया।

चीफ वार्डेन के निर्देश पर अमीनाबाद, मौलवीगंज, रकाबगंज, यहियागंज सिद्धनाथ मंदिर, वर्मा स्टॉप, नक्खास चौराहा, बिलोजपुरा, टूरियागंज, हैदरगंज चौराहा और ऐशबाग ईदगाह पर सिविल डिफेंस के कैम्प भी लगाए गए।
ये भी पढ़ें: अमेठी : संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे स्टेशन के समीप मिला शव
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं,अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश