
अगर आप नई लग्जरी कार खरीदने का सोच रहे हैं तो यह समय आपके लिए बेहतरीन साबित हो सकता है। GST दरों में हाल ही हुई कटौती का असर कार कंपनियों ने तुरंत ग्राहकों तक पहुंचाना शुरू कर दिया है। इसका मतलब है कि Mercedes, BMW, Audi, Range Rover और अन्य प्रीमियम ब्रांड्स की कारें अब पहले से कहीं ज्यादा सस्ती हो गई हैं।
BMW की प्रीमियम कारें हुईं सस्ती
BMW ने अपने टॉप सेगमेंट मॉडल्स की कीमतों में बड़ा डिस्काउंट दिया है। X5 SUV लगभग 7 लाख रुपये सस्ती हो गई है, जबकि X7 में 9 लाख रुपये से अधिक की कटौती हुई है। 5 Series LWB की कीमत भी 4 लाख रुपये से ज्यादा घट गई है। BMW हमेशा से स्टाइल और परफॉर्मेंस का बेहतरीन कॉम्बिनेशन पेश करती रही है। अब कीमतों में यह कमी इसे और भी आकर्षक डील बना देती है।
Mercedes-Benz में भी भारी कमी
Mercedes-Benz की सबसे ज्यादा कीमतों में कमी S-Class और GSL SUV में देखी गई है। S-Class की कीमत में 10 लाख रुपये से ज्यादा की गिरावट हुई है, वहीं GSL SUV लगभग 10 लाख रुपये सस्ती हो गई है। इसके अलावा GLE मॉडल में 6–8 लाख रुपये और E-Class में 5 लाख रुपये से अधिक की कटौती हुई है। Mercedes हमेशा से लग्जरी और स्टेटस का प्रतीक रही है, अब यह अपने ग्राहकों के लिए और किफायती हो गई है।
Audi की SUVs और सेडान पर भी छूट
Audi इंडिया ने भी Q8 SUV की कीमत 8 लाख रुपये तक कम कर दी है। Q7 में 6 लाख रुपये से अधिक और Q5 में 4.5 लाख रुपये की कटौती हुई है। इन नई कीमतों के बाद Audi की लग्जरी कारें अब और भी लोगों के बजट में आ गई हैं।
Range Rover और Land Rover पर भारी बचत
GST कटौती का सबसे बड़ा असर Range Rover और Land Rover पर हुआ है। रेंज रोवर की कीमतों में 4.6 लाख से लेकर 30 लाख रुपये तक की कमी हुई है। डिफेंडर मॉडल की कीमत में भी 7 लाख से 18.6 लाख रुपये तक की गिरावट देखी गई है। यह बदलाव उन लोगों के लिए बड़ी राहत है, जो लंबे समय से इन SUVs को खरीदने का सपना देख रहे थे।
Volvo की SUVs भी सस्ती हुईं
Volvo ने अपनी प्रमुख SUVs XC60 और XC90 की कीमतें कम कर दी हैं। XC60 अब 4.79 लाख रुपये सस्ती है, जबकि XC90 में लगभग 7 लाख रुपये की कटौती हुई है। Volvo अपनी सुरक्षा और क्लास के लिए जानी जाती है। अब यह प्रीमियम SUVs पहले से कम बजट में खरीदी जा सकती हैं।