
Bihar : बिहार के गयाजी से गायब चार नाबालिग सहेलियों को पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया है। मंगलवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई है। ये सभी लड़कियां 16 जनवरी से लापता थीं, जिसके बाद परिजनों ने दिल्ली के डेल्हा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच के बाद पुलिस ने न केवल लड़कियों को सुरक्षित ढंग से बरामद किया है, बल्कि इस मामले में एक चौंकाने वाली बात भी सामने आई है।
पता चला है कि ये चारों सहेलियां घर से एडमिट कार्ड (मैट्रिक) लेने के बहाने निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। घर से निकलने के बाद से ही परिजन परेशान थे, और जब उन्होंने शिकायत की तो गयाजी के एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया।
सूत्रों के अनुसार, एसआईटी और टेक्निकल टीम को जानकारी मिली कि ये लड़कियां बक्सर में हैं। जब पुलिस वहां पहुंची, तो पता चला कि ये सभी दिल्ली पहुंच चुकी हैं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत दिल्ली का रुख किया और फ्लाइट से दिल्ली पहुंची।
पुलिस ने देखा कि इनमें से दो लड़कियां वेशभूषा बदलकर लड़कों जैसी दिख रही थीं। इन सबने एक-दूसरे के साथ रहने का मन बना लिया था। अंत में, पुलिस इन्हें ले कर गयाजी लौट आई है।
टाउन डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जब दिल्ली पुलिस गयाजी पहुंची, तो इन लड़कियों में से दो ने वेशभूषा बदल रखी थी, जिससे पुलिस भी हैरान रह गई। इन सभी नाबालिग लड़कियों को बरामद कर गयाजी लाया गया है। अब इनका बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।















