
Maharashtra : महाराष्ट्र के लातूर से वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल चाकुरकर का आज शुक्रवार (12 दिसंबर) को निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे और उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर व्याप्त हो गई। शिवराज पाटिल अपने घर “देववर” में सुबह करीब 6:30 बजे आखिरी सांस ली, जहां वे लंबी बीमारी के कारण घर पर ही उनका इलाज चल रहा था।
शिवराज पाटिल चाकुरकर का नाम भारतीय राजनीति में एक प्रतिष्ठित और अनुभवी नेता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वह लोकसभा के स्पीकर भी रहे और उन्होंने कई केंद्रीय मंत्री पदों पर भी जिम्मेदारी संभाली। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने देश की संवैधानिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई।
शिवराज पाटिल का जन्म लातूर के चाकुर में हुआ था। उन्होंने उस्मानिया यूनिवर्सिटी से साइंस में स्नातक की डिग्री और मुंबई यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई की। 1980 में पहली बार लातूर से लोकसभा के लिए चुने गए, और लगातार सात बार लोकसभा चुनाव जीतकर क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बनाई। 2004 में लोकसभा का चुनाव हारने के बावजूद, वे राज्यसभा से गृह मंत्री का पद स्वीकार करने में सफल रहे।
उन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। 1991 से 1996 तक लोकसभा के स्पीकर के रूप में सेवा दी। देश और विदेश में कई पार्लियामेंट्री कॉन्फ्रेंस में भारत का नेतृत्व भी किया।
सोनिया गांधी की लीडरशिप वाली कांग्रेस पार्टी में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। 2004 में लोकसभा का चुनाव हारने के बाद भी, उन्हें केंद्र में भरोसेमंद नेता के रूप में होम मिनिस्टर का पद मिला। हालांकि, 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले के बाद, उन्होंने सुरक्षा में हुई चूक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा दे दिया था।
कांग्रेस और उसके सभी कार्यकर्ताओं ने शिवराज पाटिल चाकुरकर के निधन पर शोक व्यक्त किया है और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उनके निधन से भारतीय राजनीति का एक अनुभवी और सम्मानित नेता दुनिया से विदा हो गया है, जिसकी छवि एक समर्पित और जिम्मेदार नेता के रूप में हमेशा स्मरणीय रहेगी।
यह भी पढ़े : आंध्र प्रदेश में दर्दनाक सड़क हादसा, घाटी में बस गिरने से 10 लोगों की मौत















