
नई दिल्ली। पूर्व सपा सांसद डॉ. एसटी हसन ने पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और हिंदुस्तान मूल रूप से एक ही घर थे। यह हमारी बदकिस्मती है कि विभाजन के कारण दोनों देश अलग हो गए।
डॉ. हसन ने कहा कि कांग्रेस भी सही कह रही है कि भाषा, संस्कृति, खानपान और रहन-सहन में पाकिस्तान और भारत के बीच कोई खास फर्क नहीं है। यही वजह है कि जब कोई भारतीय पाकिस्तान जाता है, तो उसे अजनबीपन महसूस नहीं होता, बल्कि ऐसा लगता है जैसे वह अपने ही देश में है।
पाकिस्तान और हिंदुस्तान एक ही घर था, बदकिस्मती से बंट गए – डॉ. हसन
डॉ. हसन ने कहा कि आज भी हिंदुस्तान और पाकिस्तान की गंगा-जमुनी तहजीब एक जैसी है। विभाजन के बाद राजनीति और सीमाओं ने दोनों को अलग कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय उपमहाद्वीप की साझी विरासत, चाहे वह साहित्य हो, संगीत या लोककला, दोनों देशों की जड़ों में समान रूप से मौजूद है।
पूर्व सांसद ने कहा कि पाकिस्तान जाने वाला कोई भी व्यक्ति वहां की गलियों, बाजारों और लोगों के व्यवहार में हिंदुस्तान की झलक देखता है। भाषा, त्योहार, रस्में और सामाजिक मूल्य लगभग एक जैसे हैं। यही वजह है कि वहां जाने पर एक अपनापन महसूस होता है। उन्होंने कहा कि दुनिया चाहे कितनी भी बदल जाए, लेकिन सांस्कृतिक रिश्ते कभी नहीं टूट सकते। बंटवारा केवल राजनीतिक सीमाओं का मामला है, दिलों और तहजीब का नहीं।
यह भी पढ़े : Bihar Politics : प्रशांत किशोर ने NDA के चार बड़े नेताओं पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, जानिए कौन हैं नेता?