
Patna : पटना में मनेर नगर परिषद के राउत टोला बालू पर मोहल्ला निवासी पूर्व पार्षद संजय सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में आज बुधवार तड़के लापता हो गए। परिजनों को उनका कोई ट्रेस नहीं मिल रहा। पूर्व पार्षद संजय कुमार सिंह मनेर के बड़े लैंडलॉर्ड और दानापुर के पूर्व सांसद रामकृपाल यादव के करीबी हैं।
पुलिस को उनकी स्विफ्ट कार पटना के दीघा घाट के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली है। जानकारी के अनुसार संजय सिंह बुधवार तड़के 3 बजे अपने घर से निकले थे और 4:30 बजे अपने भतीजे अंकुर सिंह से उनकी अंतिम बात हुई थी। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है।
जानकारी के अनुसार संजय सिंह दानापुर के पूर्व सांसद रामकृपाल यादव के काफी करीबी थे। उनके इस तरह अचानक लापता होने की खबर मिलते ही मौके पर पूर्व एमपी रामकृपाल यादव, पूर्व विधायक प्रोफेसर सूर्यदेव त्यागी, पूर्व विधायक प्रोफेसर श्रीकांत निराला के पुत्र प्रशांत निराला समेत हजारों लोग उनके घर पहुंच गए।
मनेर में संजय सिंह के आवास के बाहर भारी भीड़ उमड़ी हुई है। दीघा घाट जहां उनकी कार मिली, वहां भी भारी भीड़ जुटी हुई है। मौके पर दीघा थाने की पुलिस डॉग स्क्वायड के साथ कार और आसपास के इलाके की जांच कर रही है। बताया जाता है कि पुलिस डॉग ने कार को सूंघने के बाद नदी की ओर जाकर रुक जा रहा है।
इससे आशंका जताई जा रही है कि कहीं संजय सिंह ने जानबूझ कर गंगा नदी में छलांग तो नहीं लगा दी। लोगों में उनके सुसाइड कर लेने की चर्चा है। हालांकि पुलिस ने सभी एंगल से जांच शुरू की है जिसमें उनके अगवा होने का एंगल भी खंगाला जा रहा है। अभी तक संजय कुमार सिंह का किसी के साथ विवाद होने की किसी बात का पता नहीं चल सका है। परिजन उनके साथ किसी अनहोनी होने की आशंका जता रहे हैं। उनका कहना है कि संजय सिंह ने उनको आज ही बेउर जेल के समीप स्थित किसी जमीन की मापी में जाने के बारे में बताया था।
परिजनों का कहना है कि शायद वह इसी के लिए वहां जाने वास्ते निकले थे। बता दें कि संजय सिंह के पास एसबीआई, केनरा बैंक, यूनियन बैंक, एक्सिस बैंक और उज्जीवन बैंक सहित कई बैंकों की शाखाएं, मस्ताना सिंह मार्केट, मैरिज हॉल और कई वाहन शो रूम उनकी जमीन पर बने हैं। उनकी लावारिस मिली कार में रुपये व मोबाइल मिलने की भी बात कही जा रही है।