
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज सोमवार को राजकोट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। लम्बे समय तक प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले रूपाणी का निधन 12 जून को एयर इंडिया की भीषण विमान दुर्घटना में हो गया था।
गुजरात सरकार के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने जानकारी दी कि डीएनए रिपोर्ट के ज़रिए विजय रूपाणी के पार्थिव शरीर की पहचान की गई, जिसके बाद उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया। मंत्री पटेल ने बताया कि सोमवार सुबह 11:30 बजे अहमदाबाद सिविल अस्पताल से पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा जाएगा। इसके बाद हवाई मार्ग से दोपहर 2 बजे तक शव राजकोट पहुंचेगा। शाम 5 बजे अंतिम यात्रा शुरू होगी और शाम 6 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
विमान हादसे में अब तक 274 मौतें
मंत्री पटेल ने यह भी बताया कि हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 274 हो गई है। अब तक करीब 45 मृतकों की पहचान डीएनए जांच के ज़रिए हो चुकी है। उन्होंने इसे गुजरात के लिए एक “बेहद दुखद और दर्दनाक समय” बताया।
सिविल अस्पताल में चल रहा पहचान और शव सौंपने का काम
गांधीनगर सिविल अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद विजाउन ने बताया कि अस्पताल के डी2 ब्लॉक में एक विशेष सत्यापन केंद्र बनाया गया है, जहां डीएनए रिपोर्ट मिलने के बाद परिजनों द्वारा शवों की पहचान की जाती है। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम कक्ष भेजा जाता है और अंतिम प्रक्रिया पूरी की जाती है।
उन्होंने बताया कि परिजनों के लिए प्रतीक्षालय की व्यवस्था की गई है, जहां एक काउंसलर और मेडिकल टीम लगातार उनकी सहायता कर रही है। राज्य सरकार ने पूरी प्रक्रिया को तेज़ और व्यवस्थित करने के लिए विशेष प्रयास किए हैं, ताकि पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद मिल सके।
पीएमओ के वरिष्ठ अधिकारी ने लिया जायज़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव पीके मिश्रा ने रविवार को अहमदाबाद पहुंचकर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और सिविल अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की। मिश्रा ने अस्पताल के मुर्दाघर का भी दौरा किया और अधिकारियों से पूरी स्थिति की जानकारी ली। यह हादसा दशकों में सबसे भीषण विमान दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है, जिसमें एयर इंडिया के ड्रीमलाइनर विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई।