
शिमला। बिहार चुनाव के रुझानों में एनडीए की निर्णायक बढ़त के बाद हिमाचल प्रदेश में भाजपा में खुशी का माहौल है। ऊना के भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया और मिठाई बांटकर अपनी खुशियों का इजहार किया। यह आयोजन सदर विधायक सतपाल सिंह सती की अध्यक्षता में हुआ।
विधायक सतपाल सिंह सती ने कहा कि यह जनता की ओर से किए गए विकास और लोकतंत्र के प्रति समर्थन की बड़ी जीत है। उन्होंने बताया कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकासवादी राजनीति पर भरोसा जताया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि यह जीत जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।
बिहार चुनाव नतीजों पर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने राहुल गांधी के प्रपंच और महागठबंधन की झूठी रणनीतियों को नकार दिया है। हिमाचल के मुख्यमंत्री वहां कांग्रेस की उम्मीदों के ब्रांड एंबेसडर के रूप में गए थे, लेकिन पार्टी अपने प्रदर्शन में असफल रही।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भी इस जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह परिणाम एनडीए के विकास कार्यों और नेतृत्व पर जनता के भरोसे को दर्शाता है।












