फर्जी पहचान बनाकर किराए के मकान में रह रहीं थीं विदेशी महिलाएं…पुलिस ने किया गिरफ्तार, होंगी डिपोर्ट

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) की संयुक्त टीम ने संस्कृति लोक कॉलोनी क्षेत्र में छापेमारी कर बांग्लादेश की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो पिछले दो वर्षों से अवैध रूप से देहरादून में रह रही थीं।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं की पहचान स्वाति उपाध्याय उर्फ मरियम पुत्री सिद्दीकी और शिवली अख्तर उर्फ जॉली उर्फ सना पुत्री जसमुद्दीन के रूप में हुई है। जांच में पुष्टि हुई है कि दोनों महिलाएं बांग्लादेश की नागरिक हैं और बिना वैध दस्तावेज भारत में प्रवेश कर यहां रह रही थीं।

सूत्रों के मुताबिक, ये दोनों दिल्ली से एक टैक्सी चालक धर्मवीर के माध्यम से देहरादून पहुंची थीं। स्वाति ने धर्मवीर से विवाह कर लिया था और उनकी एक साल की बेटी है। वहीं, शिवली ने सहारनपुर में एक युवक सलमान को झूठ बोलकर शादी की थी और उसका दस माह का बेटा है।

दोनों महिलाओं के पास से बांग्लादेशी नागरिकता के प्रमाण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों को उनके बच्चों के साथ जल्द ही बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा।

प्राथमिक जांच के अनुसार, दोनों महिलाएं देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में किराए के मकानों में रह रही थीं। पुलिस ने मकान मालिकों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि इन महिलाओं के संपर्क में स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग थे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें