पंजाब में बाढ़ का कहर : गुरदासपुर पहुंचे सीएम भगवंत मान, हालात का लिया जायजा

पंजाब में भारी बरसात और बांधों से लगातार छोड़े जा रहे पानी ने हालात गंभीर बना दिए हैं। कई जिलों में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्थिति को देखते हुए फ्लड मैनेजमेंट कमेटी का गठन किया है और जालंधर में पहले से सक्रिय फ्लड कंट्रोल रूम को और सुदृढ़ किया गया है।

मंत्रियों को जिलों की जिम्मेदारी

राज्य सरकार ने हालात की निगरानी के लिए मंत्रियों को अलग-अलग जिलों का प्रभारी नियुक्त किया है। मंत्री बलबीर सिंह, गुरमीत सिंह खुड्डियां और बरिंदर कुमार गोयल पूरे राज्य की बाढ़ स्थिति पर नजर रखेंगे। कपूरथला के लिए मंत्री मोहिंदर भगत और हरदीप सिंह मुंडिया, तरनतारन के लिए लालजीत सिंह भुल्लर और हरभजन सिंह ईटीओ, जबकि फाजिल्का के लिए डॉ. बलजीत कौर और तरुणप्रीत सिंह सौंध को जिम्मेदारी दी गई है।

मुख्यमंत्री मान ने बुधवार को गुरदासपुर और पठानकोट के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायज़ा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर हौसला बनाए रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि किसी को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा। मान ने कहा, “हमारे लिए हर एक जान कीमती है। सरकार हर नुकसान की भरपाई करेगी और जल्द हालात सामान्य होंगे।”

फिरोजपुर में बीएसएफ चौकियां डूबीं

फिरोजपुर में सतलुज नदी में बाढ़ आने से ममदोट की ओल्ड गजनीवाला चौकी और फिरोजपुर की सतपाल चौकी पानी में घिर गई हैं। आसपास के गांव भी प्रभावित हुए हैं। अब बीएसएफ मोटरबोट के जरिए सरहद की निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

45 ट्रेनें रद्द, हेल्पलाइन नंबर जारी

फिरोजपुर रेल मंडल ने पहाड़ों पर लगातार बारिश और सुरक्षा कारणों से 45 ट्रेनों को रद्द और 25 को शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए जम्मूतवी, कटरा और पठानकोट स्टेशनों पर हेल्प काउंटर खोले गए हैं।

  • Firozpur Div Helpline: 8146632485, 9779233942
  • DLI: 9717649915
  • FZR: 9779233942
  • UMB: 9729539980
  • JAT: 7888839911

सेना और NDRF ने संभाला मोर्चा

पठानकोट, होशियारपुर, गुरदासपुर, कपूरथला, तरनतारन, फाजिल्का और फिरोजपुर सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में हैं। पौंग और रणजीत सागर बांध का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। हालात बिगड़ते देख सेना, BSF, NDRF और SDRF की टीमें लगातार राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं। जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर से भी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

छुट्टियां रद्द, स्कूल बंद

पंजाब सरकार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। सभी को 24 घंटे जमीनी स्तर पर डटे रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 27 से 30 अगस्त तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

केजरीवाल की अपील

बाढ़ संकट को देखते हुए आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि सभी नेता, विधायक, मंत्री और कार्यकर्ता जमीन पर उतरकर लोगों की मदद करें।

पठानकोट में डूबा डीसी दफ्तर

रणजीत सागर डैम से छोड़े गए लाखों क्यूसेक पानी ने पठानकोट शहर को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। यूबीडीसी नहर का पानी शहर तक आ पहुंचा है। डीसी आदित्य उप्पल का कार्यालय समेत कई सरकारी दफ्तर जलमग्न हो चुके हैं। एनडीआरएफ टीमें वहां बचाव कार्य में लगी हुई हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें