
लखनऊ डेस्क: टाटा कर्व को पिछले साल भारतीय बाजार में लॉन्च किया गया था और अब, इसके लॉन्च के छह महीने बाद, कंपनी इस गाड़ी पर डिस्काउंट ऑफर दे रही है। यह पहला मौका है जब टाटा कर्व पर डिस्काउंट दिया जा रहा है। टाटा कर्व का इलेक्ट्रिक वेरिएंट अगस्त 2024 में पेश किया गया था, इसके बाद इसके पेट्रोल और डीजल वेरिएंट्स भी मार्केट में आए। अब, टाटा मोटर्स अपने सभी वेरिएंट्स पर बेनिफिट्स दे रही है, जो MY 2024 और MY 2025 मॉडल्स पर लागू होंगे। हालांकि, यह डिस्काउंट ऑफर केवल 28 फरवरी 2025 तक उपलब्ध है।
टाटा कर्व पर हजारों रुपये का डिस्काउंट टाटा कर्व के MY2025 वेरिएंट्स के सभी ICE (Internal Combustion Engine) मॉडल्स पर 20,000 रुपये तक का डिस्काउंट मिल रहा है। वहीं, MY2024 मॉडल्स पर 50,000 रुपये तक के बेनिफिट्स दिए जा रहे हैं। इसके अलावा, टाटा कर्व ईवी के MY2025 मॉडल पर भी 20,000 रुपये तक की बचत की जा सकती है। यह डिस्काउंट ऑफर स्क्रैपेज और एक्सचेंज बोनस दोनों के रूप में उपलब्ध है, लेकिन ग्राहक इनमें से एक ही विकल्प का चयन कर सकते हैं।
टाटा कर्व की पावर टाटा कर्व में 1.5-लीटर टर्बो डीजल इंजन का विकल्प मिलता है, जो 115 hp की पावर और 260 Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है। इसके अलावा, इसमें 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन भी उपलब्ध है, जो 120 hp की पावर और 170 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके हाई रेंज वेरिएंट्स में 125 hp की पावर और 225 Nm का टॉर्क मिलता है। टाटा कर्व में 6-स्पीड मैनुअल या 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ट्रांसमिशन का ऑप्शन भी मिलता है।
टाटा कर्व ईवी के स्टैंडर्ड मॉडल में 45 kWh का बैटरी पैक है, जो 150 hp की पावर और 215 Nm का टॉर्क प्रदान करता है। इसके टॉप-एंड वेरिएंट में 55 kWh का बैटरी पैक मिलता है, जिससे 167 hp की पावर प्राप्त होती है।















