
Tundla, Firozabad : थाना पुलिस ने शुक्रवार रात निहाल सिंह की पुलिया से दो अंतर्जनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में चोर गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने चोरों को इलाज के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा है।
चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि निहाल सिंह की पुलिया पर दो युवक ऑटो में बैठे हैं, जो चोरी जैसी बड़ी जघन्य घटना को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिस को देखकर चोरों ने अवैध तमंचे से पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने अपनी आत्मरक्षा में चोरों पर सरकारी पिस्टल से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में चोरों के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही दोनों चोर घायल हो गए। पुलिस ने चोरों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेज दिया।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि पकड़े गए आरोपी रवि उर्फ रविया, निवासी हिंदू नगर झुग्गी बस्ती, थाना शहर एटा, तथा किताब सिंह, निवासी हिंदू नगर झुग्गी बस्ती, थाना शहर एटा, हाल निवासी टावर वाली गली, तारा किन्नर के मकान के पास, रामनगर, थाना खंदौली, आगरा हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक तमंचा, तीन कारतूस और एक बिना नंबर का ऑटो बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों पर दर्जनों आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।











