
पंजाब के मोगा में पंजाबी अभिनेत्री तानिया कंबोज के पिता डॉ. अनिलजीत कंबोज के क्लीनिक पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 4 जुलाई को विदेश में बैठे गैंगस्टर लखबीर सिंह लंडा के इशारे पर की गई इस वारदात में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
हथियार सप्लायर भी पकड़ा गया
इस मामले में पहले ही चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें एक महिला भी शामिल है। अब पुलिस ने पूछताछ के बाद इस फायरिंग में शूटरों को हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को भी धर दबोचा है। आरोपी का नाम हरमीत सिंह उर्फ मीतू है, जो पट्टी (तरनतारन) का रहने वाला है। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है।
जांच में सामने आया है कि हरमीत सिंह गैंगस्टर लखबीर लंडा का करीबी सहयोगी है और वह आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के लिए शूटरों को हथियार मुहैया कराता था। फिलहाल, फायरिंग केस में गिरफ्तार सभी चार आरोपी छह दिन की पुलिस रिमांड पर हैं, जबकि हरमीत को अदालत में पेश किया जाएगा।
रंगदारी केस में भी तीन गिरफ्तारी
इस मामले के अलावा मोगा पुलिस ने मार्च 2025 में रंगदारी मांगने के एक अन्य केस में भी लखबीर सिंह लंडा गैंग के तीन और गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी बलजिंदर सिंह है, जो खुद लखबीर सिंह लंडा का मामा बताया जा रहा है। बलजिंदर सिंह रंगदारी से वसूले गए पैसों का पूरा हिसाब-किताब रखता था।
अन्य दो गिरफ्तार आरोपियों में
- गगनप्रीत सिंह (निवासी दातेवाल, मोगा)
- लभप्रीत सिंह (निवासी खोसा पांडे, मोगा) शामिल हैं,
जो रंगदारी वसूली में सक्रिय भूमिका निभाते थे।
पुलिस की तफ्तीश जारी
फिलहाल मोगा पुलिस की जांच गैंगस्टर लंडा के नेटवर्क को तोड़ने पर केंद्रित है। अब तक की कार्रवाई में यह साफ हो चुका है कि लंडा भले ही विदेश में बैठा हो, लेकिन पंजाब में उसका गिरोह सक्रिय रूप से फिरौती, हथियार सप्लाई और हमला जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा है।