
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। दोनों देशों की सेनाओं के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें अब तक 12 लोगों की मौत और 14 से अधिक घायल होने की पुष्टि हुई है। झड़प थाईलैंड के सीसा केट प्रांत में हुई, जहां एक गैस स्टेशन पर रॉकेट और गोलियों की आवाज़ से अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, गोलीबारी में मरने वालों में अधिकतर थाई नागरिक हैं। यह झड़प तब हुई जब विवादित सीमा क्षेत्र में कंबोडियाई सैनिकों ने कथित तौर पर रॉकेट लॉन्च किए। जवाबी कार्रवाई में थाईलैंड ने कंबोडिया के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमला किया और सीमा पर F-16 लड़ाकू विमान तैनात कर दिए हैं।
तनाव की पृष्ठभूमि
दक्षिण-पूर्व एशिया के इन दोनों पड़ोसी देशों के रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण चल रहे थे। मई में सीमा पर हुई एक झड़प में कंबोडिया का एक सैनिक मारा गया था, जिसके बाद हालात और बिगड़ते चले गए। हालिया गोलीबारी ने इन रिश्तों को और भी खतरनाक मोड़ पर पहुंचा दिया है।
थाई सेना की उप प्रवक्ता कर्नल रिचा सुक्सुवानोंट ने बताया कि कंबोडियाई सेना ने BM21 रॉकेट लॉन्चरों सहित भारी हथियारों का इस्तेमाल किया। थाई सेना ने इसका जवाब हवाई हमलों और जमीनी कार्रवाई के जरिए दिया है।
दोनों देशों में राजनयिक तनाव
गुरुवार सुबह हुई हिंसक झड़प के बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे पर पहले हमला करने का आरोप लगाया है। कंबोडिया के विदेश मंत्रालय का दावा है कि थाई सैनिकों ने गोलीबारी शुरू की, जबकि थाई सेना का कहना है कि हमला ड्रोन और रॉकेट से कंबोडिया ने पहले किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाईलैंड और कंबोडिया दोनों ने अपने-अपने राजदूतों को वापस बुला लिया है। सीमावर्ती क्षेत्रों से आम नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
राजनयिक रिश्तों में दरार
23 जुलाई को थाईलैंड ने कंबोडिया के साथ अपने राजनयिक संबंधों को सीमित करने का निर्णय लिया था। इससे पहले सीमा के पास एक बारूदी सुरंग विस्फोट में थाई सैनिकों के घायल होने की खबर आई थी। जानकारों का कहना है कि यह टकराव दक्षिण-पूर्व एशिया में क्षेत्रीय स्थिरता के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
ये भी पढ़ें:
8वां वेतन आयोग कब होगा लागू, चल गया पता! जानें वेतन और पेंशन में कितनी होगी बढ़ोतरी?
https://bhaskardigital.com/when-will-the-8th-pay-commission-be-implemented-we-have-found-out-know-how-much-will-be-the-increase-in-salary-and-pension/
महराजगंज पुलिस में बड़ा फेरबदल : चार चौकी प्रभारी समेत 22 पुलिसकर्मियों का तबादला
https://bhaskardigital.com/reshuffle-in-maharajganj-police-22-policemen/