फतेहपुर : पूजा करने पर महिला श्रद्धालुओं सहित 20 लोगों पर FIR दर्ज, जानिए वजह

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर रेडइया में स्थित विवादित मंदिर–मकबरा स्थल पर एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। देव दीपावली पर बुधवार शाम मोहल्ले की करीब आधा सैकड़ा महिलाएँ पूजा-अर्चना के लिए विवादित स्थल की ओर पहुंचीं, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

इसके बाद महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। महिलाओं ने आरोप लगाया कि वह दूर से दीया जलाकर पूजा कर रही थीं, लेकिन पुलिस ने दूर से भी पूजा करने से रोका और बदसलूकी की, जिससे कई महिलाओं को हल्की चोटें आईं। तनाव बढ़ने पर महिलाएँ सड़क पर ही बैरिकेडिंग के पास बैठकर हर-हर महादेव के जयकारों के साथ दीये जलाती रहीं और पूजन किया।

इस दौरान की झड़प का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया है। इसी मामले में पुलिस ने पप्पू सिंह की पत्नी सहित 20 अज्ञात महिलाओं पर मुकदमा दर्ज किया है। बुधवार देर रात पुलिस फोर्स पप्पू सिंह के घर पहुंची और गिरफ्तारी का प्रयास किया, जहां उनकी पत्नी और पुलिस के बीच फिर तीखी नोकझोंक हुई। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

गौरतलब है कि 11 अगस्त को भी इसी स्थल पर बड़ा बवाल हुआ था, जिसके बाद मामला अदालत में विचाराधीन है और क्षेत्र में लगातार पुलिस की निगरानी रहती है।वर्तमान में प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। स्थिति फिलहाल नियंत्रित बताई जा रही है।

यह भी पढ़े : Bihar Chunav : ‘यूपी में श्रीराम ने बदला चुनावी समीकरण तो अब बिहार में माता सीता की बारी…’ जानिए क्या है NDA की जीत का प्लान?

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें