
फतेहाबाद। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस रविवार को सनियाना मंडल के 59 व भूना मंडल के 61बूथों पर मनाया गया। ढाणी डूल्ट, रहनखेड़ी, टिब्बी और लहरियां में कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पार्टी का ध्वज फहराया और मिठाई बांटी। सनियाना मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार खिचड़ और भूना मंडल अध्यक्ष डॉ. मनदीप योगी ने बूथ स्तर पर हुए सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अनुच्छेद 370, नागरिकता संशोधन कानून, ट्रिपल तलाक, पार्टी की चुनावी सफलताएं, संगठन विस्तार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की यात्रा जैसे विषयों पर बात की। विनोद खिचड़ ने रविवार को मीडिया से कहा कि 1980 में पार्टी की स्थापना के समय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था, ‘सूरज निकलेगा, अंधेरा छटेगा और कमल खिलेगा।’ आज भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। केंद्र सहित देश के अधिकतर राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं। 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर लाकर उनके जीवन में बदलाव लाया गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कर रहे हैं। इस मौके पर संयोजक डॉ. मदनलाल, अरुण सेठी, बलजीत सोनी, मुकेश सिंगला, विक्रम शर्मा, पूर्व अध्यक्ष सुभाष सिवाच, जाखल मंडल के पूर्व अध्यक्ष अवतार सिंह तलवाड़ा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।