गोरखपुर में TATA ब्रांड के नाम पर फ्रॉड! धड़ल्ले से बेचा रहा नमक व नकली चाय

गोरखपुर। जिले में टाटा कंपनी के नाम पर नकली चायपत्ती, नमक और हार्पिक की बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस और कंपनी अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई में दो दुकानदारों के विरुद्ध कॉपीराइट एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। खोराबार और आसपास के इलाकों में नकली उत्पादों की बिक्री की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने छापा मारकर नकली सामान बरामद किया है।

पुलिस और टाटा कंपनी के अधिकारियों के संयुक्त अभियान में यह खुलासा हुआ कि खोराबार इलाके में नकली टाटा ब्रांड के उत्पाद बेचे जा रहे थे। जांच अधिकारी शिवम गुप्ता ने बताया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में नकली टाटा उत्पादों की शिकायतें मिल रही थीं। इन सूचनाओं के आधार पर खोराबार थाने को सूचित किया गया, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई शुरू की।

सबसे पहले जंगल सिकरी गांव स्थित वकील कुमार जायसवाल की विकास जनरल स्टोर पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान दुकान के गोदाम से 500 से अधिक पैकेट टाटा अग्नि चाय, टाटा प्रीमियम चाय और टाटा नमक के बरामद किए गए। जांच में इन पैकेट की छपाई, सील और बैच नंबर की जांच में इन उत्पादों को नकली पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही सभी पैकेट को सील कर कब्जे में ले लिया।

इसके बाद टीम सूबा बाजार स्थित मंजू गुप्ता की दुकान पर पहुंची। वहां भी गोदाम की तलाशी ली गई, जिसमें नकली हार्पिक, चाय और नमक के 400 से अधिक पैकेट पाए गए। इन उत्पादों की पैकिंग हूबहू असली जैसी थी, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि ये नकली हैं।

शिवम गुप्ता ने कहा कि नकली खाद्य और घरेलू उत्पादों की बिक्री सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। कुछ नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि मामले की जांच जारी है और फिलहाल सभी संबंधित दस्तावेज और नमूने कब्जे में लिए गए हैं। दोनों दुकानदारों के विरुद्ध आईपीसी और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई क्षेत्र में नकली उत्पादों की बिक्री के खिलाफ एक बड़ा कदम माना जा रहा है, और पुलिस की यह कोशिश है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और असली उत्पाद ही उपलब्ध कराए जाएं। आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़े : यूपी में ‘जब वी मेट’ की प्रीत ने खाया जहर..! प्रेमी से शादी करने के लिए दिल्ली से रायबरेली पहुंची… फिर मिला धोखा

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें