अंबाला में फैक्ट्री हादसा : चार मजदूर गंभीर रूप से झुलसे, पीजीआई चंडीगढ़ किया रेफर

अंबाला : साहा के केसरी गांव स्थित प्रताप फैक्टरी में शुक्रवार रात करीब 10 बजे बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम करते समय अचानक चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फैक्ट्री में बॉयलर फटा था या मजदूर भट्ठी की चपेट में आए। चारों मजदूरों को गंभीर हालत में अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।

घायल मजदूरों की पहचान
हादसे में झुलसे मजदूरों की पहचान हल्दरी निवासी लखविंद्र (31), शाहाबाद निवासी सतीश (40), किशनगढ़ निवासी विनोद कुमार (40) और बिहार के लखी सराय निवासी ललू (25) के रूप में हुई है।

पुलिस ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलते ही साहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फैक्ट्री का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी कर्मवीर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भट्ठी में काम करते समय अचानक कोयला गिरने से मजदूर झुलस गए। फैक्ट्री में जींस और अन्य कपड़े तैयार किए जाते हैं।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी घायलों का इलाज चंडीगढ़ पीजीआई में चल रहा है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें