बारात आने से पहले ही दुल्हन के घर लगा ऐसा करंट, शादी की खुशियां मातम में बदली

महमूदाबाद, सीतापुर

   रामपुर कला क्षेत्र में शादी की खुशियां मातम में बदल गई जब बारात आने से पहले घर में दुल्हन के चचेरे भाई की मौत हो गई। चचेरा भाई घर में बिजली का तार सही कर रहा था तभी उसे करंट लग गया। आनन फानन उसे अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

    थाना रामपुर कला क्षेत्र के असैसा गांव निवासी तुलसीराम यादव की पुत्री रंजीता की बरात रविवार की शाम को आनी थी। बरात बिसवां क्षेत्र के सरैंया मिर्जापुर से आ रही थी। बरात के स्वागत की तैयारियां चल रहीं थी। नाते, रिश्तेदार सभी घर में मौजूद थे। शाम छह बजे रंजीता के चचेरे भाई विपिन यादव पुत्र हनुमान बिजली तार सही कर रहा था। तभी उसे करंट लग गया। परिवारजन उसे गंभीर हालत में लेकर सीएचसी पहला पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। देखते ही देखते परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल था। जिसने भी यह मनहूस खबर सुनी वह भागते हुए हनुमान के घर पहुंचा। सभी एक दूसरे को ढांढस बंधा रहे थे।

कक्षा 12 का छात्र था विपिन

    विपिन हनुमान प्रसाद का अकेला पुत्र था। विपिन महमूदाबाद के सीता इंटर कॉलेज में कक्षा बारह का छात्र था। वह पढ़ने में भी होनहार था। विपिन दो भाई बहन थे। बड़ी बहन ममता है, जिसका पहले ही विवाह हो चुका है। 

हनुमान का संयुक्त परिवार है

      हनुमान व तुलसीराम सगे भाई हैं, दोनों का संयुक्त परिवार है। हनुमान सबसे बड़े हैं। शादी की तैयारियों में सभी लगे हुए थे। बरात आने में बस कुछ ही देर थी। तभी यह दुखद घटना हाे गई। नाते, रिश्तेदार व गांव के लोग दुखी थे। 

विवाह की रस्में हुई पूरी

   देर शाम परिवारजन ने खेत पर विपिन का अंतिम संस्कार कर दिया। रिश्तेदारों ने बताया कि साधारण तरीके से विवाह की रस्म पूरी की गईं। 

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें