
Russia Ukraine War : रूस और यूक्रेन युद्ध के समाधान को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बातचीत जारी है, लेकिन इसी बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक बयान ने हलचल मचा दी है। पुतिन ने यूरोपीय देशों और अमेरिका पर तीखा हमला बोलते हुए साफ कर दिया है कि रूस किसी भी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं है। अपने बयान में पुतिन ने यूरोपीय नेताओं के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे कूटनीतिक विवाद और गहराने की आशंका है।
रूस के रक्षा मंत्रालय के साथ वार्षिक बैठक के दौरान पुतिन ने कहा कि यदि कूटनीतिक बातचीत से रूस के लक्ष्य पूरे नहीं होते हैं, तो वह सैन्य ताकत के जरिए अपनी मांगों को पूरा करेगा। उन्होंने दो टूक कहा कि जिसे मॉस्को “विशेष सैन्य अभियान” कहता है, उसके सभी लक्ष्य “बिना शर्त” पूरे किए जाएंगे। पुतिन के मुताबिक, अगर बातचीत सार्थक नहीं हुई तो रूस युद्ध के मैदान में अपनी “ऐतिहासिक भूमि” को मुक्त कराएगा।
पुतिन ने अमेरिका पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछली अमेरिकी सरकार ने जानबूझकर हालात को सशस्त्र संघर्ष की ओर धकेला और यह मान लिया था कि रूस जल्द ही कमजोर पड़ जाएगा। पुतिन के अनुसार, वाशिंगटन को उम्मीद थी कि रूस कुछ ही समय में घुटनों पर आ जाएगा।
इसके बाद पुतिन ने यूरोपीय नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिका का आंख मूंदकर साथ दिया और रूस के पतन से लाभ उठाने की उम्मीद की। इसी दौरान उन्होंने गुस्से में यूरोपीय देशों के लिए ‘छोटे सुअर’ जैसे शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद होना तय माना जा रहा है।
यह बयान ऐसे समय आया है, जब यूक्रेन ने शांति समझौते को आगे बढ़ाने के लिए नाटो की सदस्यता के अपने लंबे समय से चले आ रहे सपने पर समझौता करने के संकेत दिए हैं। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि हालिया वार्ताओं में लगभग 90 प्रतिशत मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और सबसे कठिन मसलों पर भी बातचीत आगे बढ़ी है।
यह भी पढ़े : Insurance Bill : ‘सबका बीमा सबकी रक्षा’ बिल राज्यसभा से पारित, जानिए इस विधेयक से आम आदमी को क्या होगा फायदा?















