
Jalesar, Etah : सोमवार को मंडलायुक्त संगीता सिंह द्वारा स्थानीय तहसील, पटना पक्षी विहार व कुछ पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया गया था। आगमन कार्यक्रम की सूचना मिलते ही जिला व तहसील प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, जो उनके लौटते ही शांत हुआ। इसी बीच तहसील क्षेत्र के कुछ पोलिंग बूथों पर रातों-रात हुई मूलभूत आवश्यकताओं की तैयारियों ने न सिर्फ विकास कार्यों की पोल खोल दी, बल्कि पोलिंग बूथों की बदली तस्वीर लोगों में चर्चा का विषय बनी रही।
सोशल मीडिया पर सोमवार से जमकर वायरल हुए एक वीडियो ने तहसील क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की कलई खोल दी है। वायरल वीडियो तहसील क्षेत्रांतर्गत विधानसभा क्षेत्र के गांव अन्नीयाँ स्थित मतदान केंद्र संख्या 124 का बताया जा रहा है, जिसमें वर्षों से उपेक्षित प्राथमिक विद्यालय के जीर्ण-शीर्ण दिव्यांग शौचालय और फर्श की कई दिनों से हो रही मरम्मत के अंतिम चरण का सोमवार की रात का दृश्य बताया गया है, जिसमें युद्ध स्तर पर काम चलता दिख रहा है।
कमिश्नर के आगमन की तैयारी को लेकर आखिरी रात तक हुए ये विकास कार्य शासन-प्रशासन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रहे हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि जब भी किसी उच्च अधिकारी या मंत्री का दौरा होता है, तभी गांव में आवश्यक विकास कार्यों की लीपापोती की जाती है, जबकि सरकारी अभिलेखों में बिना कराए ही विकास कार्य दर्ज कर दिए जाते हैं।











