
Eta Paper Leak : उत्तर प्रदेश की बोर्ड परीक्षा शुरू हो चुकी है। बीते शनिवार को ब्लॉक जैथरा क्षेत्र स्थित चौधरी बीएल इंटर कालेज में आयोजित हाईस्कूल गणित परीक्षा का प्रश्न पत्र व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर परीक्षा केंद्र पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने केन्द्र व्यवस्थापक अंजू यादव से व्हाट्सएप ग्रुप से प्रश्न पत्र हटवाया।
बता दें कि जिले में हाई स्कूल गणित का पेपर अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों के लिए बनाए गए ग्रुप में वायरल हो गया। पेपर करीब 13 मिनट तक ग्रुप में पड़ा रहा। जानकारी के मुताबिक, पेपर केंद्र व्यवस्थापक के मोबाइल से लीक हुआ, जिसके बाद हड़कंप मच गया। बताया गया है कि यह ग्रुप माध्यमिक शिक्षा विभाग की तरफ से बनाया गया है। डीएम, डीआईओएस समेत सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सभी केंद्र व्यवस्थापक जुड़े हुए हैं।
पूरे मामले में स्टेटिक मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार की तहरीर पर केंद्र व्यवस्थापक अंजू यादव के खिलाफ दर्ज मुकद्दमा हुआ। केंद्र व्यवस्थापक अंजू यादव को तत्काल हटाया गया, जीआईसी एटा के प्रवक्ता प्रसून कुमार को नया केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया। पूरे मामले में जिले के अधिकारियों ने साधी चुप्पी, कुछ भी बोलने से अधिकारी बच रहेें।
इस मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई और थाना में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। शनिवार को दोपहर बाद थाना जैथरा में दी गई तहरीर में स्टेटिक मजिस्ट्रेट डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि परीक्षा सुबह 8:30 बजे शुरू हुई थी।
परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद, लगभग 9:30 बजे केन्द्र व्यवस्थापक अंजू यादव ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के परीक्षा ग्रुप पर गणित विषय का प्रश्न पत्र वायरल कर दिया। यह प्रश्न पत्र करीब दस से पंद्रह मिनट तक ग्रुप पर रहा, जिससे विभागीय अधिकारियों में घबराहट फैल गई। उन्होंने तत्काल केन्द्र व्यवस्थापक से संपर्क कर प्रश्न पत्र को व्हाट्सअप ग्रुप से हटवाया। इसके बाद, इस बारे में डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत सिंह को सूचित किया गया और केन्द्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
घटना के बाद, डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत सिंह ने यूपी बोर्ड को इसकी जानकारी दी और बोर्ड से आगामी कार्रवाई की उम्मीद जताई गई। इस दौरान, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी देर शाम तक औपचारिकताओं में व्यस्त रहे।
डीआईओएस ने जानकारी दी कि शनिवार को हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा 92 केन्द्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में 19,978 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 18,050 ने परीक्षा दी, जबकि 1,928 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट व्यावसायिक शिक्षा और अन्य विषयों की परीक्षा में भी अनुपस्थित छात्रों की संख्या दर्ज की गई।
गणित प्रश्न पत्र वायरल होने के बाद यह भी सामने आया कि ब्लॉक जैथरा के चौधरी बीएल इंटर कालेज को परीक्षा केन्द्र बनाने में बाहरी व्यक्तियों का हस्तक्षेप था। पिछले साल, जब इस विद्यालय में परीक्षा हुई थी, तब छह नकलचियों को पकड़ा गया था और विद्यालय प्रबंधक का मोबाइल भी बरामद हुआ था। इसके बावजूद, यूपी बोर्ड ने इस विद्यालय को परीक्षा केन्द्र के रूप में चुना।