
नई दिल्ली : द्वारका जिला पुलिस ने अक्टूबर 2025 के महीने में इलाके में अवैध रूप से रह रहे कुल 23 विदेशी नागरिकों को कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया और उन्हें डिपोर्टेशन की प्रक्रिया के तहत डिटेंशन सेंटर भेज दिया। इनमें नाइजीरिया, सेनेगल, आइवरी कोस्ट, तंजानिया और लाइबेरिया के नागरिक शामिल हैं।
डीसीपी द्वारका जिला, अंकित सिंह, आईपीएस के निर्देशन में ऑपरेशंस यूनिट और विभिन्न थाना क्षेत्रों ने इलाके में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया। इस दौरान थाना बिंदापुर से 20, थाना डाबड़ी से 2 और थाना मोहन गार्डन से 1 विदेशी नागरिक पकड़ा गया।
पुलिस टीमों ने इलाके में लगातार खुफिया जानकारी जुटाई और उन विदेशी नागरिकों को चिन्हित किया जो बिना वैध वीज़ा के भारत में रह रहे थे। अभियान के दौरान विभिन्न देशों के 23 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनके पास वैध दस्तावेज़ या वीज़ा नहीं पाए गए।
इनमें नाइजीरिया के 15, सेनेगल के 4, आइवरी कोस्ट के 2, तंजानिया की 1 (महिला) और लाइबेरिया के 1 नागरिक शामिल थे। सभी को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद FRRO के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें डिपोर्टेशन का आदेश जारी किया गया।
इसके बाद सभी को डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।
द्वारका जिला पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि स्थानीय संसाधनों पर अनावश्यक बोझ डालने वाले और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।















