मुंबई में लगातार भारी बारिश के चलते सभी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी

महाराष्ट्र समेत उत्तर भारत में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई इलाकों में जलभराव और पहाड़ों पर भूस्खलन की घटनाओं से मुश्किलें बढ़ गई हैं।

IMD ने जारी किए रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, महाराष्ट्र के कई शहरों, गुजरात और कर्नाटक में भारी बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया है। इसके अलावा केरल, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ में ऑरेंज, जबकि मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत 19 राज्यों में यलो अलर्ट जारी है।

मानसून की सक्रियता बढ़ेगी
IMD के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने के कारण अगले 3-4 दिनों में दक्षिण प्रायद्वीपीय और मध्य भारत में मानसून सक्रिय रहेगा। 19 अगस्त को कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में भारी बारिश, जबकि 19-20 अगस्त को गुजरात में अत्यधिक बारिश हो सकती है। तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर में भी कुछ स्थानों पर झमाझम बारिश की संभावना है।

मुंबई में जलभराव से बिगड़े हालात
मुंबई में 4 दिन से लगातार बारिश हो रही है, जिससे सड़कें और लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हुई हैं। विमान सेवाओं पर भी असर पड़ा। भारी बारिश के कारण BMC ने सभी स्कूल और कॉलेजों में 19 अगस्त को अवकाश घोषित किया है।

हिमाचल में बादल फटने से सैलाब
हिमाचल प्रदेश में तीन दिन से हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। सतलुज नदी में उफान से करसोग का शिमला से संपर्क टूट गया। कुल्लू की लग वैली में बादल फटने से सैलाब आया। प्रशासन ने स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित की।

उत्तर प्रदेश में बाढ़ के हालात
उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे कई गांवों में पानी भर गया और खेत डूब गए। लोग छतों पर रहकर जीवन यापन कर रहे हैं। मंगलवार को हल्की बारिश की संभावना है, और 22 अगस्त से मानसून फिर सक्रिय होगा।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में बारिश का असर
मध्य प्रदेश के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है जो 21 अगस्त तक जारी रहेगा। राजस्थान में फिलहाल बारिश कमजोर पड़ने से गर्मी और उमस बढ़ गई है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण आगामी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली और यमुना का खतरा
दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी और तेज धूप के बीच गर्मी और उमस बढ़ी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है। हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनी कुंड बैराज के सभी 18 गेट 2 दिन पहले खोले गए, जिससे यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें