
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उठाया लोकसंगीत का आनंद
Dehradun : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन परिसर में नई आगंतुक-केंद्रित सुविधाओं में एक पैदल पार पुल (फुटओवर ब्रिज) और घुड़सवारी क्षेत्र का लोकार्पण किया। इनके तैयार हाेने से राष्ट्रपति निकेतन परिसर हिमालयी वास्तुकला के संगम से और समृद्ध हाे गया है। राष्ट्रपति ने लोकसंगीत का आनंद भी उठाया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग की ओर से 9 करोड़ की लागत से राजपुरा रोड पर बने 105 फीट लंबे पैदल पार पुल का लाेकार्पण कर किया। इससे राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति उद्यान (132 एकड़ परिसर) के बीच निर्बाध संपर्क स्थापित हाे गया। यह पुल स्थानीय हिमालयी वास्तुकला का सुंदर उदाहरण है। रैंप और रेलिंग के साथ बना यह पुल अब व्यस्त राजपुरा रोड पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक सुरक्षित विकल्प बन गया है।
इसके अलावा राष्ट्रपति मुर्मु ने राष्ट्रपति निकेतन परिसर में विकसित 0.7 एकड़ का घुड़सवारी क्षेत्र का भी लाेकार्पण किया। सीपीडब्ल्यूडी की ओर से निर्मित इस अत्याधुनिक क्षेत्र में 8 घोड़ों की क्षमता वाला अस्तबल, उपचार कक्ष, स्नान व चारा कक्ष, और आगंतुकों के लिए देखने का विशेष गलियारा तैयार किया गया है। इन दोनों परियोजनाओं से राष्ट्रपति निकेतन परिसर को आधुनिकता, सुरक्षा और विरासत का अद्भुत संगम स्थापित हुआ है।

राष्ट्रपति निकेतन में इन दो नई सुविधाओं के लोकार्पण के साथ, यह परिसर अब न केवल सुरक्षा और संरचना के दृष्टिकोण से उन्नत हुआ है, बल्कि हिमालयी विरासत और राष्ट्रीय गौरव का भी नया प्रतीक बन गया है। यहां आगंतुकों के लिए देखने के गलियारे और निर्देशित भ्रमण की विशेष व्यवस्था की गई है। यह नई सुविधा अब आम आगंतुकों के लिए सोमवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी।
लोक कलाकारों से मिलीं राष्ट्रपति, की हौसला-अफजाई
राष्ट्रपति द्राैपदी मुर्मु ने रविवार की शाम उत्तराखंड संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भी शिरकत की। राष्ट्रपति ने उत्तराखंड की लोकसंगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और लोक कलाकारों से मिलकर उनकी हौसला-अफजाई की। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) भी उपस्थित रहे।















