रामनगरी में दीपोत्सव आज : अयोध्या में एक साथ जलेंगे 29 लाख दीप, सीएम योगी रहेंगे मौजूद

Ayodhya Deepotsav : अयोध्या में नौवें दीपोत्सव के आयोजन के तहत इस बार राम की पैड़ी पर 26 लाख 11 हजार 101 दीयों को जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए कुल 56 घाटों पर लगभग 30,000 स्वयंसेवकों ने मिलकर 29 लाख दीयों का बिछाव किया है। गिनीज बुक की टीम ने ड्रोन की मदद से इन दीयों की गिनती कर रिकॉर्ड की पुष्टि की है। रविवार सुबह से इन दीयों में तेल और बाती डालने की प्रक्रिया शुरू होगी।

शनिवार को लगातार तीसरे दिन, अवध विश्वविद्यालय के घाट संयोजकों और प्रभारियों की निगरानी में, स्वयसेवियों ने विभिन्न घाटों पर दीये बिछाने का काम जारी रखा। तेज धूप के बावजूद छात्रों और श्रद्धालुओं ने पूरी मेहनत से इस कार्य में भाग लिया। कई घाटों पर रामायण कालीन प्रसंग, बड़े दीये और रंगोली दीप बनाए गए हैं। विशेष रूप से घाट नंबर 10 पर 80,000 दीयों से स्वास्तिक बनाकर शुभता का संदेश फैलाया गया है। श्रद्धालु और पर्यटक इस अद्भुत दृश्य का अवलोकन कर रहे हैं और मदद भी कर रहे हैं।

दीये बिछाने के बाद, 19 अक्तूबर को तेल भरने का कार्य शुरू होगा। इसके लिए एक-एक लीटर सरसों के तेल की बोतलें उपलब्ध कराई जाएंगी, और स्वयंसेवक सावधानीपूर्वक तेल डालेंगे ताकि कहीं तेल न गिरे। उसके बाद कपूर का पाउडर लगाकर दीयों को प्रज्ज्वलित किया जाएगा। सभी घाटों पर आवश्यक सामग्री जैसे कैंडल, माचिस, डंडे आदि पूर्व में ही समन्वयकों को उपलब्ध कराई जाएगी। स्वयंसेवक सूती कपड़ों में ही घाटों पर रहेंगे।

सभी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बिना आई कार्ड के प्रवेश प्रतिबंधित है। कुलसचिव विनय सिंह ने बताया कि रविवार को स्वयंसेवक पहचान पत्र के साथ घाटों पर मौजूद रहेंगे और व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

सीएम योगी आदित्यनाथ भी इस भव्य दीपोत्सव के पल-पल के साक्षी बनेंगे। वह सुबह 2.15 बजे लखनऊ से हेलीकॉप्टर से पहुंचकर कार्यक्रम स्थल पर आएंगे। वहां से वे रामकथा पार्क, सरयू अतिथि गृह, नयाघाट, राम की पैड़ी और अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे। शाम को दीप प्रज्ज्वलन, लेजर शो, ड्रोन शो, और म्यूजिकल आतिशबाजी का आनंद लेंगे। रात 8.50 बजे रात्रि विश्राम के लिए सरयू अतिथि गृह लौटेंगे।

यातायात व्यवस्था के लिए कई जगहों पर डायवर्जन किया गया है। 20 अक्तूबर तक पुराने सरयू पुल, रामपथ, नयाघाट, टेढ़ीबाजार एवं आसपास के मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।

यह आयोजन पूरी तरह से सफल और भव्य बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

यह भी पढ़े : Bihar Chunav : NDA को लगा बड़ा झटका! लोजपा प्रत्याशी सीमा सिंह का नामांकन रद्द, अब क्या करेंगे चिराग?

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें