बीमारी का कहर: जालौन में उल्टी-दस्त से दो की मौत, गंभीर हालात में दो अस्पताल में भर्ती

Jalaun : चुर्खी थाना क्षेत्र में एक परिवार में विचित्र बीमारी के चलते दादा और पोती की मौत हो गई। वहीं दादी और पोते की हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। डीएम और एसपी ने भी मौके का मुआयना कर पीड़ित परिवार का हाल जाना।

मामला चुर्खी थाना क्षेत्र के हथनौरा गांव का है। गांव का निवासी दीपू दिल्ली में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करता है। गांव में उसके पिता शिवकुमार, मां सुशीला देवी, पत्नी सुनीता देवी, बेटी मोना और बेटा तरुण रहते हैं।

गुरुवार की रात बेटी मोना को उल्टी और दस्त होने लगे। परिजनों ने उसका गांव के डॉक्टर से इलाज करवाया। सुबह जब वह शौचक्रिया के लिए गई, तभी उसकी शौचालय में ही मौत हो गई। परिजनों ने उसे पड़ा देखा तो घर में कोहराम मच गया। जानकारी पर कुछ देर बाद दादा शिवकुमार की भी मौत हो गई। बताया गया कि उन्हें भी उल्टी और दस्त की समस्या थी।

कुछ देर बाद दादी सुशीला देवी और पौत्र तरुण की भी हालत बिगड़ने लगी। परिजन ने नाती तरुण की गंभीर हालत देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया। महिला को कालपी सीएचसी में भर्ती कराया गया।

डीएम राजेश कुमार पांडे और एसपी डॉक्टर दुर्गेश कुमार मौके पर पहुंचे और डॉक्टर से जानकारी ली। डॉक्टर ने बताया कि फूड पॉइजनिंग के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। बच्चे को उल्टी और दस्त की समस्या है। फिलहाल गांव में स्वास्थ्य टीम को भेजा गया है, जो जांच कर रही है।

यह भी पढ़े : Today Gold Rate : सर्राफा बाजार में रिकॉर्ड तोड़ तेजी जारी, नए शिखर पर सोना और चांदी

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें