
Dharmendra Death : बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का निधन हो गया है। धर्मेंद्र 89 साल के थे। ही-मैन के नाम से मशहूर इस अभिनेता के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। धर्मेंद्र लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वह कुछ दिनों तक मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एडमिट भी थे, फिर उन्हें घर ले जाया गया था। घर से ही उनका ट्रीटमेंट चल रहा था।
आईएएनएस की खबर के मुताबिक, धर्मेंद्र का निधन हो गया है। उनके अंतिम संस्कार पवन हंस श्मशान घाट पर किया जाएगा।
धर्मेंद्र का पूरा नाम धर्मेंद्र केवल कृष्ण देओल है। उनका जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसरानी गांव में हुआ था।
सांस लेने में हो रही थी परेशानी
धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर, 2025 को रेगुलर चेकअप के लिए ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया था। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। 10 नवंबर को उनकी तबीयत गंभीर हो गई। उनका पूरा परिवार उनसे मिलने अस्पताल पहुंचा। हेमा मालिनी, सनी देओल, ईशा देओल, करण देओल, राजवीर देओल और अभय देओल सभी अस्पताल पहुंचे थे।
धर्मेंद्र का 65 साल का लंबा करियर
उन्होंने 1960 में एक्टिंग करियर की शुरुआत की। वह “दिल भी तेरा हम भी तेरे” फिल्म में दिखे थे। इसके बाद वह 1961 की फिल्म “बॉय फ्रेंड” में सपोर्टिंग रोल में नजर आए। धर्मेंद्र 65 साल से एक्टिंग में सक्रिय रहे। उन्होंने कई हिट, सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं। उनकी प्रसिद्ध फिल्मों में “शोले” (1975), “चुपके-चुपके” (1975), “सीता और गीता” (1972), “धरमवीर” (1977), “फूल और पत्थर” (1966), “जुगनू” (1973), “यादों की बारात” (1973) शामिल हैं।
चर्चा में रहा धर्मेंद्र का किस
2023 में आई फिल्म “रॉकी और रानी की प्रेम कहानी” में उनके किरदार की काफी चर्चा हुई थी। उन्होंने इस फिल्म में शबाना आजमी को किस किया था, जो खबरों में रहा। इसके अलावा, वह “तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया” फिल्म में भी नजर आए। यह फिल्म 2024 में रिलीज हुई।
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म
89 साल की उम्र में भी धर्मेंद्र लगातार काम कर रहे थे। उनके निधन के बाद, उनकी आखिरी फिल्म भी इसी साल रिलीज होगी। वह फिल्म “इक्कीस” में नजर आएंगे, जिसमें वह अगस्त्य नंदा के पिता का किरदार निभा रहे हैं। यह फिल्म 25 दिसंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
धर्मेंद्र की पर्सनल लाइफ
धर्मेंद्र की व्यक्तिगत जिंदगी की बात करें तो उन्होंने दो शादियां कीं। पहली शादी प्रकाश कौर से हुई थी, जिससे उनके चार बच्चे हुए: सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता देओल और अजीता देओल।
वहीं, दूसरी शादी अभिनेत्री हेमा मालिनी के साथ हुई। प्रकाश ने धर्मेंद्र को तलाक नहीं दिया था, इसलिए धर्मेंद्र ने धर्म बदलकर दूसरी शादी की। हेमा मालिनी से उनकी दो बेटियां हैं: ईशा देओल और अहाना देओल।
यह भी पढ़े : मुंबई में 11 लाख डुप्लीकेट वोटर्स! विपक्ष का आरोप- ‘शौचालय के पते पर वोटरों के नाम…’













