
अयोध्या : उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को विधान सभा रुदौली के बाबा बाजार भवानीपुर में भाजपा के गांव चलो अभियान में सम्मिलित होते हुए उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अयोध्या से बिगुल बजा दिया है। बृजेश पाठक ने भाजपा का झंडा हाथ में लेकर जय श्री राम के नारे लगाते हुए गांव का भ्रमण भी किया।
भाजपा के स्थापना दिवस को लेकर गांव चलो अभियान के समापन के मौके पर रुदौली के भवानीपुर गांव के आयोजन में भी पहुचे और उन्होंने गांव वालो के बीच अवधी अंदाज में बोलकर वाह वाही और ताली बटोरी।
उन्होंने कहा कि को बता सकत है कि भाजपा का अध्यक्ष कौन होई, राहुल गांधी के बाद कांग्रेस के अध्यक्ष कौन होई, को बताए सकत है सपा में अखिलेश यादव के बाद कौन अध्यक्ष होई, इन दोनों पार्टी के अध्यक्ष का नाम सब बताई सकत है, कांग्रेस अउर सपा आयसन पार्टी हुई गई है कि बाबा जमीन खरीदीन तो अपने पूत का वसीयत कय दिहीन तौ उनके नाम चढ़ जात है, का पार्टी ऐसन होई का चाही, उनका लागत है जनता का कुछ पता नाई है, ई जनता सब कुछ जानत है, जनता सब जानत है भीतर का चल रहा है, भाजपा अयसन पार्टी है जो लोकतंत्र व्यवस्था बनाई के एक-एक व्यक्ति का जोड़ के एक-एक बिरादरी का जोड़ के सबका हक दियत है।
उन्होंने कहा कि देश में गांव चलो अभियान चलाया जा रहा है, सभी ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया है, देश के अंदर एकमात्र ऐसी पार्टी है जो लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती देते हुए सर्व समाज को जोड़ते हुए जन-जन को मोदी जी की योगी जी की योजनाओं को पहुंचाने का काम कर रही है। गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से भाजपा ने जीवन स्तर गरीब आदमी का ऊपर उठाने में कामयाबी हासिल की है। आज हम कह सकते हैं, हर गरीब को पक्का मकान शौचालय पेयजल के अलावा किसान सम्मान निधि 5 लाख तक के निशुल्क इलाज की गारंटी सहित सैकड़ों ऐसी योजनाएं हैं। जिससे हम गरीब आदमी के जीवन स्तर को उठाने में कामयाब हुए हैं।
पाठक ने एक बयान में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद कांड को लेकर कहा कि केंद्र सरकार इसको देख रही है। आने वाले चुनाव में बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। उप मुख्यमंत्री पाठक ने गांव/वार्ड चलो अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत रुदौली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम इमडीहिया (बूथ संख्या 131) में आयोजित कार्यक्रम में केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भेंटकर उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार के सफलतम 8 वर्षों की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दिया।उन्होंने स्वच्छता अभियान अंतर्गत सिद्ध पीठ माँ कामाख्या धाम मंदिर परिसर की साफ-सफाई भी किया।
उप मुख्यमंत्री पाठक ने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत उमापुर स्थित माँ गुरुदेवी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के संस्थापक ब्रह्मलीन प्रेमानंद पारसमणि ब्रह्मचारी महाराज के स्मारक परिसर की कार्यकर्ताओं के साथ साफ- सफाई भी किया। पाठक ने गांव/वार्ड चलो अभियान अंतर्गत रुदौली विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 116 पर बूथ समिति बैठक कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। उन्होंने गांव/वार्ड चलो अभियान अंतर्गत रुदौली विधानसभा क्षेत्र में ग्राम चौपाल कार्यक्रम में जनता के बीच गए।उन्होंने गांव/वार्ड चलो अभियान के अंतर्गत रुदौली विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क भी किया।।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, माँ कामख्या धाम पंचायत नगर चेयरमैन शीतला प्रसाद शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख मवई राजू तिवारी, चेयरमैन, गन्ना विकास समिति निर्मल शर्मा सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।